‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ के जरिये आदिवासियों को कमजोर करने की कोशिश : यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Oct 2024 10:53 PM
‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ के जरिये आदिवासियों को कमजोर करने की कोशिश : यादव
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि धर्म परिवर्तन, ”लव जिहाद” और ”लैंड जिहाद” जैसे कथित पैंतरों के जरिये आदिवासियों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है लेकिन राज्य सरकार ऐसे प्रयासों को नाकाम करने के लिए इस समुदाय के साथ है.

यादव ने अनुसूचित जनजाति वर्ग के भिलाला समुदाय के यहां आयोजित प्रांतीय सम्मेलन में कहा कि आदिवासियों के भोलेपन का ”दुश्मन” कई बार नाजायज फायदा उठाता है और छोटी-छोटी बातों पर लोगों को लड़ाकर समुदाय में मतभिन्नता पैदा की जाती है.
उन्होंने कहा,”जो दुश्मन है, वह जान-बूझकर ऐसे नाटक सामने ला रहा है. कोई धर्म परिवर्तन का नाटक लाएगा, तो कोई लव जिहाद और लैंड जिहाद का नाटक लाएगा. ये सारे नाटक आपको कमजोर करने के लिए हैं, लेकिन आप चिंता मत करो क्योंकि सरकार आपके साथ है.”

आदिवासियों से मुखातिब मुख्यमंत्री ने कहा,”अगर आपने कोई बात तय कर ली, तो दुनिया की कोई भी ताकत आपको परास्त नहीं कर सकती.” यादव ने आदिवासियों की सराहना करते हुए कहा कि इस समुदाय ने अपनी मूल संस्कृति को सहेज रखा है और वह कुरीतियां दूर करने के लिए अभियान भी चला रहा है.

उन्होंने जोर देकर कहा कि इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन परियोजना के अमल में आने से सूबे के आदिवासी क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने लगभग 18,036 करोड़ रुपये की लागत वाली इस 309 किलोमीटर लम्बी रेल लाइन परियोजना को सितंबर में मंजूरी दी थी. यादव ने भिलाला समुदाय का मांगलिक भवन बनवाने के लिए पांच करोड़ रुपये की सहायता राशि देने और समुदाय को इंदौर में सरकारी जमीन आवंटित करने की घोषणा भी की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu