विमान ईंधन के दाम 5% बढ़े, वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 209 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Oct 2023 09:22 PM
विमान ईंधन के दाम 5% बढ़े, वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 209 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. वहीं वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) का दाम 209 रुपये बढ़ाया गया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में तेजी के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने यह कदम उठाया है.

हालांकि, घरेलू इस्तेमाल वाले रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) का दाम 903 रुपये पर कायम रखा गया है. सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की रविवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) का दाम 5,779.84 रुपये प्रति किलोलीटर या 5.1 प्रतिशत बढ़ाकर 1,12,419.33 रुपये से 1,18,199.17 रुपये किया गया है.

इससे पहले एक सितंबर को विमान ईंधन कीमतों में 14.1 प्रतिशत की सबसे बड़ी बढ़ोतरी की गई थी. उस समय एटीएफ का दाम 13,911.07 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़ा था. इससे पहले एक अगस्त को विमान ईंधन के दाम 8.5 प्रतिशत या 7,728.38 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़ाए गए थे. उल्लेखनीय है कि यह विमान ईंधन कीमत में लगातार चौथी बढ़ोतरी है. किसी एयरलाइन की परिचालन लागत में 40 प्रतिशत हिस्सा एटीएफ का बैठता है.

एक जुलाई को एटीएफ के दाम 1.65 प्रतिशत या 1,476.79 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़े थे. चार बार में विमान ईंधन कीमतों में रिकॉर्ड 29,391.08 रुपये प्रति किलोलीटर की बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही पेट्रोलियम कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी का दाम 209 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ा दिया है. इस 19 किलोग्राम के सिलेंडर का इस्तेमाल होटल और रेस्तरांओं में होता है. राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्यिक एलपीजी का दाम अब बढ़कर 1,731.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है. वहीं मुंबई में यह 1,684 रुपये प्रति सिलेंडर बैठेगा..

इससे पहले एक सितंबर को वाणिज्यिक एलपीजी के दाम 157.5 रुपये और एक अगस्त को 100 रुपये घटाए गए थे. सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां…इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) पिछले महीने की औसत अंतरराष्ट्रीय कीमत के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को रसोई गैस और एटीएफ की कीमतों में संशोधन करती हैं. पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार 18वें महीने स्थिर बनी रहीं. राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu