बजाज ऑटो के गैर-कार्यकारी निदेशक मधुर बजाज का निधन…

नई दिल्ली: भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग की दिग्गज कंपनी बजाज ऑटो लिमिटेड के गैर-कार्यकारी निदेशक मधुर बजाज का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उन्हें कुछ दिन पहले दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दो दिन पहले उन्हें स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उनका निधन हुआ।

IIMUN ने जताया गहरा शोक

इंडिया इंटरनेशनल मॉडल यूनाइटेड नेशंस (IIMUN) ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा- “हम अपने प्रिय सलाहकार – श्री मधुर बजाज के निधन से बहुत दुखी हैं – एक ऐसे व्यक्ति जिनकी विनम्रता, बुद्धिमत्ता और शांत नेतृत्व ने उन सभी पर एक अमिट छाप छोड़ी जो उन्हें जानते थे। 2017 से हमारे सलाहकार बोर्ड के सदस्य के रूप में, उन्होंने उद्देश्य और अखंडता के साथ युवा नेताओं को मार्गदर्शन दिया।”

जनवरी 2024 में दिया था उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा

स्वास्थ्य कारणों के चलते जनवरी 2024 में मधुर बजाज ने बजाज ऑटो के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि वे अभी भी बजाज फिनसर्व लिमिटेड, बजाज इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड और बजाज समूह की कई अन्य कंपनियों में निदेशक पद पर कार्यरत थे।

शिक्षा और उपलब्धियां

मधुर बजाज का जन्म 19 अगस्त 1952 को हुआ था। उन्होंने देहरादून के प्रतिष्ठित दून स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की, फिर सिडेनहैम कॉलेज, मुंबई से 1973 में बी.कॉम किया। 1979 में उन्होंने IMD, लॉजेन (स्विट्ज़रलैंड) से एमबीए की डिग्री हासिल की। उन्हें इंटरनेशनल फ्रेंडशिप सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा ‘विकास रतन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। साथ ही वे SIAM, MCCIA के पूर्व अध्यक्ष और CII की राष्ट्रीय परिषद के सक्रिय सदस्य भी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button