झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिये ‘सनातन संस्कृति’ के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं : मोहन यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Nov 2024 10:19 PM
झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिये ‘सनातन संस्कृति’ के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं : मोहन यादव
ऑडियो सुनें

देवघर(झारखंड). मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को दावा किया कि बांग्लादेशी घुसपैठिये झारखंड की ‘सनातन संस्कृति’ के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं. उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार पर गले तक भ्रष्टाचार में डूबे होने और लोगों को लूटने का आरोप लगाया.

यादव ने देवघर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”बांग्लादेशी घुसपैठिये न केवल हमारी जमीन और महिलाओं के लिए बल्कि सनातन संस्कृति के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं. वे हमारी संस्कृति को बर्बाद करना चाहते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो नीत गठबंधन ने 2019 में नौकरी और सोने के सिक्के देने के ‘झूठे वादे’ कर झारखंड में सरकार बनाई थी.

यादव ने कहा, ” राज्य सरकार गले तक भ्रष्टाचार में डूबी है और एक हजार करोड़ रुपये का भूमि घोटाला और एक हजार करोड़ रुपये का मनरेगा घोटाला किया है. यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए थे.” मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने झारखंड के मतदाताओं से झामुमो नीत सरकार को सत्ता से बेदखल करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही महिलाओं को ‘गोगो दीदी’ योजना के तहत हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में 2.87 लाख रिक्त सरकारी पदों को भरा जाएगा. झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu