कोलकाता/अगरतला. पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करों के एक समूह द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर किए गए हमले के बाद जवाबी गोलीबारी में एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया. बीएसएफ ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी. यह घटना 11 और 12 अगस्त की मध्य रात्रि को मालदा जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर चांदनी चक सीमा चौकी के पास हुई.
बीएसएफ के बयान में कहा गया है, ”इलाके में गश्त कर रहे बीएसएफ के एक जवान ने पांच से छह लोगों को सिर पर सामान लेकर भारतीय क्षेत्र से बांग्लादेश की ओर जाते देखा. जवान ने तुरंत आगे बढ़ कर तस्करों को रुकने के लिए कहा. लोगों ने जवान के निर्देश को नजरअंदाज किया और झाड़ियों के पीछे छिपे तस्करों के एक अन्य समूह ने जवान पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. जवानों ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं.”
गोलीबारी के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर और जंगली झाड़ियों की आड़ लेकर भारतीय सीमा की ओर भाग गए. एक बांग्लादेशी तस्कर घायल अवस्था में मिला, जिसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में उसकी मौत हो गई. बयान में कहा गया कि मृतक की पहचान बांग्लादेश के चपई नवाबगंज जिले के ऋषिपारा गांव निवासी अब्दुल्ला के रूप में हुई है.
त्रिपुरा में बांग्लादेशियों की घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम : बीएसएफ
त्रिपुरा के खोवाई जिले के अग्रिम इलाके में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने सोमवार को बांग्लादेशी नागरिकों के एक समूह द्वारा घुसपैठ की एक ‘बड़ी’ कोशिश को नाकाम कर दिया. एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. प्रवक्ता ने बताया कि घुसपैठ को रोकने के लिए जवानों ने एक गोली भी चलाई. उन्होंने बताया कि 12 से 15 बांग्लादेशी नागरिकों का एक समूह दिन के समय खराब मौसम और क्षेत्र में कम दृश्यता का फायदा उठाकर जिले की पहरमुरा सीमा चौकी क्षेत्र से सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था.
त्रिपुरा सीमांत क्षेत्र के प्रवक्ता ने बताया, “बीएसएफ के जवानों द्वारा चेतावनी दिए जाने के बावजूद उन्होंने (घुसपैठियों) बलपूर्वक सीमा पर लगी बाड़ को पार करने का प्रयास किया. घुसपैठ के प्रयास को रोकने के लिए ‘पंप एक्शन गन’ से एक गोली भी चलाई गयी, जिसके बाद बांग्लादेशियों का समूह बांग्लादेशी क्षेत्र की ओर भाग गया.” प्रवक्ता ने बताया, “बीएसएफ जवानों की सतर्कता के कारण घुसपैठ की एक बड़ी घटना को रोका जा सका.” उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में फैली अशांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बीएसएफ ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है.