बीसीसीआई ने पिछले साल ई नीलामी में खरीदा था नीरज चोपड़ा का भाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 02 Sep 2022 07:23 PM
बीसीसीआई ने पिछले साल ई नीलामी में खरीदा था नीरज चोपड़ा का भाला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्मृति चिन्हों के संग्रह की जब ई नीलामी हुई थी तब ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा का भाला बीसीसीआई ने डेढ करोड़ रूपये में खरीदा था . भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी . चोपड़ा ने तोक्यो ओलंपिक से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निवास पर उनसे मुलाकात में उन्हें अपना भाला उपहार में दिया था .

इस भाले समेत कई चीजों की ई नीलामी की गई जिनसे मिली रकम ‘नमामि गंगे कार्यक्रम ’ को गई . यह नीलामी सितंबर . अक्टूबर 2021 में हुई थी . बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा ,‘‘ बीसीसीआई ने नीरज के भाले पर बोली लगाई थी . इसके अलावा भी कुछ और वस्तुओं पर बोली लगाई . नमामि गंगे एक नेक काम है और बोर्ड के पदाधिकारियों को लगा कि देश के प्रमुख खेल संगठनों में से एक होने के नाते यह देश के प्रति हमारा कर्तव्य है .’’ बीसीसीआई ने कोरोना महामारी के दौरान भी ‘पीएम केयर्स फंड’ में 51 करोड़ रूपये दिये थे .

बोर्ड ने चोपड़ा के भाले के अलावा भारतीय पैरालम्पिक दल के हस्ताक्षर वाला अंगवस्त्र भी एक करोड़ रूपये में खरीदा था. चोपड़ा का भाला ई नीलामी में सबसे महंगा बिका जबकि भवानी देवी की तलवार सवा करोड़ रूपये में और पैरालम्पिक चैम्पियन सुमित अंतिल का भाला एक करोड़ 20 हजार रूपये में बिका . लवलीना बोरगोहेन के मुक्केबाजी दस्ताने 91 लाख रूपये में बिके. ई नीलामी में 1348 स्मृति चिन्ह बिके जिनमें खेलों से जुड़े सामान भी थे . इनके लिये 8600 बोलियां लगाई गई. चोपड़ा ने हाल ही में वह भाला लुसाने स्थित ओलंपिक संग्रहालय में दिया है जिससे उन्हें तोक्यो में स्वर्ण पदक जीता था .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu