बिहार में करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, गंगा में 11 लोग डूबे; एक की मौत, छह लापता

पटना जिले के बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर में अलग-अलग घटनाएं; स्थानीय लोगों ने चार लोगों को बचाया, एसडीआरएफ और गोताखोरों का रेस्क्यू अभियान जारी
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 23 Sep 2026 11:07 AM
बिहार में करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, गंगा में 11 लोग डूबे; एक की मौत, छह लापता
ऑडियो सुनें

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा नदी में अलग-अलग हादसों में कुल 11 लोग डूबने लगे। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में स्थानीय लोगों ने चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया। वहीं, एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोगों की तलाश जारी है। घटनाओं की सूचना के बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया है।

बाढ़ में मूर्ति विसर्जन के बाद गंगा में डूबे दो युवक

बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के लिए पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, जबकि दो युवक नदी में लापता हो गए।

लापता युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10) और सुजीत कुमार (15) के रूप में हुई है। पीयूष कुमार के पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार के पिता बबलू चौधरी बताए गए हैं।

परिजनों के अनुसार, पीयूष को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजा गया था। विसर्जन के बाद कुछ युवक गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। एक युवक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, जबकि पीयूष और सुजीत की तलाश जारी है।

बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दो युवकों के गंगा में डूबने की सूचना मिली है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है और एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है।

अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में डूबे

अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। यहां मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन गंगा नदी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ को सूचना दी गई। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि की है।

बख्तियारपुर में छह युवक डूबने लगे

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास गंगा नदी में करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान छह युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक नदी में डूब गए।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। साहिल कुमार रामेश्वर मोची का पुत्र था।

वहीं, नदी में डूबे दो युवकों की पहचान गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची के रूप में हुई है। दोनों की तलाश स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से की जा रही है। बताया गया है कि बलवीर कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

तीनों घटनाओं के बाद प्रशासन को सूचना दी गई। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी लापता लोगों की तलाश में जुटी है। प्रशासन की ओर से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, लापता लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news