
बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मिच्चा हड़मा नामक ग्रामीण का शव मंगलवार को बासागुड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत उसके गांव तिमापुर के बाहरी इलाके में सड़क पर मिला.
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात नक्सलियों के एक समूह ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में अभियान शुरू कर दिया गया है.



