भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है, लेकिन सहयोगियों से लग सकता है झटका : थरूर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jan 2024 10:14 PM
भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है, लेकिन सहयोगियों से लग सकता है झटका : थरूर
ऑडियो सुनें

कोझिकोड. कांग्रेस नेता शशि थरूर का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की संभावना है, लेकिन इसकी सीट इस स्तर तक गिर सकती हैं कि पार्टी के संभावित सहयोगी समर्थन देने को तैयार नहीं होंगे और वे इसके बजाय विपक्षी गठबंधन का साथ देने का मन बनाएंगे.

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत एक विविधतापूर्ण देश है और यह देश उस स्थिति के साथ रहने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जहां उसके पास ”सभी राज्यों में 100 प्रतिशत सहमति” नहीं है. वह शनिवार को यहां आयोजित केरल साहित्य महोत्सव (केएलएफ) को संबोधित कर रहे थे.

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ‘इंडिया: द फ्यूचर इज नाउ’ सत्र में कहा, ”मुझे अब भी लगता है कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी. लेकिन, मेरा मानना है कि उनकी (भाजपा) संख्या को उस स्तर तक कम किया जा सकता है, जहां सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या जुटाने के वास्ते उनके संभावित सहयोगी समर्थन करने के इच्छुक नहीं होंगे और हो सकता है कि हमारे साथ सहयोग करने को तैयार हों. इसलिए हमें इसे आजमाना होगा.” थरूर ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच सीट-बंटवारे से संबंधित कठिनाइयों के बारे में भी बात की. ‘इंडिया’ में 28 घटक शामिल हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें अधिक से अधिक राज्यों में ”पर्याप्त समझौता” होने की उम्मीद है ताकि ”हार की किसी भी आशंका” से बचा जा सके. थरूर ने कहा कि जहां एक राज्य में सभी विपक्षी दलों के बीच सहमति हो सकती है और भाजपा के खिलाफ संयुक्त उम्मीदवार खड़ा किया जा सकता है, वहीं, दूसरे राज्य में दो या तीन उम्मीदवार हो सकते हैं, ऐसी स्थिति में ”मतदाता को उस व्यक्ति को चुनना होगा जिसे वे मानते हैं कि वह उनका सबसे अच्छा प्रतिनिधित्व करेगा.”

थरूर के अनुसार, सबसे महत्वपूर्ण बात जो इस देश के लोगों को ध्यान रखने की जरूरत है, वह यह है कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति को वोट दें क्योंकि ”मोदी, मोदी” का नारा लगाने वालों को पता होना चाहिए कि केवल वाराणसी के लोग ही उन्हें (प्रधानमंत्री मोदी को) वोट कर सकते हैं.

उन्होंने कहा, ”हर किसी को अपनी सीट पर उस सबसे अच्छे उम्मीदवार को वोट देना होगा, जिसे लेकर उन्हें लगता है कि वे उनका अच्छी तरह से प्रतिनिधित्व कर सकते हैं. और, अगर वे केवल श्री मोदी के लिए वोट करना चाहते हैं तो यह उनकी पसंद है.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं. कार्यक्रम में इतिहासकार विलियम डेलरिम्पल, नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, अमेरिकी चिकित्सक एवं लेखक अब्राहम वर्गीस और मशहूर लेखक पेरुमल मुरुगन समेत 400 प्रसिद्ध हस्तियों ने भाग लिया. केएलएफ रविवार को समाप्त हुआ.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu