भाजपा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफा मांगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Dec 2023 07:03 PM
भाजपा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफा मांगा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन भ्रष्टाचार की गारंटी है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी इसे जड़ से उखाड़ फेंकने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की है. झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़े एक कारोबारी समूह से संबंधित ठिकानों पर केंद्रीय जांच एजेंसियों की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ यानी ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधा.

उन्होंने मांग की कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए. भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ”नौ अलमारियों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बरामद की गई है. कांग्रेस नेता भ्रष्ट तरीकों से कमाए गए धन से अपनी जेबें भर रहे हैं और यह पैसा गांधी परिवार के पास जाता है.” हाल के विधानसभा चुनाव परिणामों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई का समर्थन किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल देश और लोगों के अधिकारों को दीमक की तरह खा रहे हैं.

भाटिया ने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की गई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी चुप्पी साधे हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि उनकी सहमति के बिना इतने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार नहीं हो सकता.

उन्होंने कहा कि जब जांच एजेंसियां छापेमारी करती हैं तो विपक्षी नेता दावा करते हैं कि उनकी कार्रवाई केंद्र सरकार की बदले की भावना से प्रेरित है लेकिन तथ्य यह है कि कानून अपना काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी उनकी याचिका खारिज कर दी है और लोगों ने उन्हें सबक भी सिखाया है. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी ईमानदारी और पारर्दिशता पर आधारित ‘नए भारत’ की नींव रख रहे हैं और जांच एजेंसियों को खुली छूट दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अब ‘पिंजरे में बंद तोता’ नहीं रह गई हैं, बल्कि वे भ्रष्ट लोगों को काटने के लिए स्वतंत्र हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu