भाजपा ने एक उम्मीदवार के मुकाबले तीन उम्मीदवार ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स खड़े किये: खरगे

बैकुंठपुर/कटघोरा. कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी के उम्मीदवार भाजपा के तीन उम्मीदवार ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स विभाग से चुनाव लड़ रहे हैं. खरगे ने छत्तीसगढ. के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा,” भाजपा के दिमाग में है कि उसने हिंदुओं का ठेका लेकर रखा हुआ है. लेकिन क्या हम हिंदू नहीं हैं? मेरा नाम मल्लिकार्जुन है जिसका मतलब शिव होता है.”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”पांच राज्यों में विधानसभा का चुनाव चल रहा है. हमारी पार्टी के नेता पार्टी का प्रचार कर रहे हैं. वे लोग (भाजपा वाले) ईडी और इनकम टैक्स विभाग के माध्यम से हमारे प्रत्याशियों और उनके रिश्तेदारों पर हमला कर रहे हैं.” खरगे ने कहा, ”मैं कह रहा हूं इस चुनाव में एक विधानसभा क्षेत्र से हमारा एक उम्मीदवार चुनाव लड़ रहा है, लेकिन भाजपा वालों ने हमारे एक उम्मीदवार के मुकाबले तीन-तीन उम्मीदवारों को खड़ा किया है. आप पूछेंगे कि वे कौन हैं, तो एक ईडी, दूसरा इनकम टैक्स और तीसरा सीबीआई है. हमारे उम्मीदवारों, उनके रिश्तेदारों, उनके दोस्तों और पार्टी के लोगों के घरों पर ये लोग (भाजपा वाले) हमला करते हैं, उनको हतोत्साहित करने का प्रयास करते हैं. वे यह कोशिश करते हैं कि लोग डरें और कांग्रेस को वोट न दें. लेकिन छत्तीसगढ. के लोग डरने वाले नहीं हैं.”

उन्होंने इस दौरान कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले दिनों यहां आए थे तब उन्होंने कहा था कि यहां त्यौहार मनाना मुश्किल है. कौन सा त्यौहार मनाना मुश्किल है. वह लोगों को भड़काने के लिए ऐसा कह रहे थे. उनके दिमाग में है कि मेरी पार्टी हिंदुओं की है. वह (हिंदुओं का) ठेका लेकर बैठे हैं? क्या हम हिंदू नहीं हैं? मेरा नाम है मल्लिकार्जुन है. मल्लिकार्जुन शिव का नाम होता है. मेरे नाम में अर्जुन भी है. आप (भाजपा) किसे धोखा दे रहे हैं? बच्चों के दिमाग में बार-बार कहते रहेंगे तो देश में नफरत का वातावरण पैदा होगा. यह नफरत मिटाने के लिए ही राहुल गांधी ने कन्याकुमारी तमिलनाडु से भारत जोड़ो यात्रा किया था.”

खरगे ने कहा,”यह सिर्फ एक विधानसभा चुनाव नहीं है, यह चुनाव देश का भविष्य बदलने वाला चुनाव है. यह बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा सरकार, मोदी जी, और आरएसएस देश में संविधान बदलना चाहते हैं. गरीबों को जो हक मिल रहा है, वंचित लोगों को जो संविधान से फायदा मिल रहा है उसे वह रोकना चाह रहे हैं. उनको रोकने के लिए यह जरूरी है कि कांग्रेस पार्टी पांच राज्यों में जीते.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के लिए लड़ती है और वह (भाजपा) अदाणी जैसे अमीरों के लिए लड़ते हैं. उन्होंने दावा किया कि वह (मोदी) गरीबों के लिए लड़ने वाले लोगों को सत्ता से दूर रखने के लिए केंद्र सरकार की एजेंसियों का सहारा ले रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर वोटों के लिए समाज को तोड़ने तथा धर्मों को आपस में लड़ाने का भी आरोप लगाया.

खरगे ने कहा, ”देश में आज अमीर और अमीर बन रहा है, गरीब और गरीब बना रहा है. युवकों के पास रोजगार नहीं है, उनके हाथ में काम नहीं है लेकिन मोदी जी को उसकी चिंता नहीं है ..आपके पास सहूलियत पहुंचाने का काम कांग्रेस पार्टी कर रही है. हमने जो गारंटी दी है वह सब हमने लागू किया है.” उन्होंने केंद्र सरकार पर सार्वजनिक उपक्रमों को बेचने का आरोप लगाया और कहा, ”पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी इस देश के प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ बनाया, बड़े-बड़े कारखाने बनाए, एयरपोर्ट, बंदरगाह बनाए लेकिन मोदी जी ने क्या किया. सब एक-एक कर बेच रहे हैं.” कोरबा जिले के कटघोरा विधानसभा सीट में एक अन्य सभा को संबोधित करते हुए खरगे ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर आरोप लगाया कि उन्होंने आदिवासी और दलितों को दबाने का काम किया है.

उन्होंने कहा, ”यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा और आरएसएस ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आदिवासियों को, दलितों को और महिलाओं को दबाने का काम किया है. महिलाओं को हक उनके विचारधारा में नहीं है. मनु के शास्त्र के मुताबिक ्त्रिरयों और अस्पृश्य लोगों को दूर रहना चाहिए, न उन्हें शिक्षा मिलेगी, न उनको सम्मान मिलेगा, यह जो विचारधारा उनके पास है, उस विचारधारा को ये लोग बढ.ा रहे हैं. लेकिन हमारी पार्टी गरीबों का हित सोचने वाली पार्टी है, गरीबों के हित में काम करने वाली पार्टी है.” खरगे ने कहा कि मोदी जी सभी जगह गुजरात मॉडल की बात करते हैं लेकिन क्यों वहां की ्त्रिरयों की पोषक आहार की कमी से मृत्यु हो रही है.

उन्होंने इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं के यहां केंद्रीय एजेंसियों के छापों लेकर प्रधानमंत्री मोदी को घेरा और कहा कि ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स उनके स्टार प्रचारक हैं, क्योंकि वे जहां जाते हैं उससे पहले एजेंसियां कांग्रेस नेताओं के यहां छापा मारती है.
छत्तीसगढ. की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान की घोषणा की गई है. मंगलवार को 20 सीटों पर पहले चरण का मतदान समाप्त हुआ. अन्य 70 सीट पर 17 नवंबर को मतदान होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button