समाज के ध्रुवीकरण के लिए विभाजनकारी नारे लगा रहे हैं भाजपा नेता: खरगे

उमरेड. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेताओं द्वारा विभाजनकारी नारे लगाना समाज का ध्रुवीकरण करने का प्रयास है और ऐसा होने नहीं दिया जाना चाहिए. महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नागपुर के उमरेड में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा नेता पहले से ही समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं और समाज का ध्रुवीकरण करने के लिए ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ जैसे नारे लगा रहे हैं. उन्होंने कहा, ”हालांकि, ऐसे नारों पर महायुति नेताओं में एकराय नहीं है. इस तरह का ध्रुवीकरण नहीं होने देना चाहिए.”

खरगे ने यह भी कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बी आर आंबेडकर को किसी खास समुदाय तक सीमित करना सही नहीं है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और उसके नेताओं ने देश की एकता के लिए अपनी जान न्यौछावर की है जबकि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने देश में ”कोई योगदान नहीं” दिया है.

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने आरोप लगाया, ”महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव महत्वपूर्ण हैं क्योंकि मौजूदा सरकार को हराने की जरूरत है जो चोरी और डरा-धमकाकर सत्ता में आयी है.” उन्होंने दावा किया, ”जो भाजपा नीत गठबंधन में शामिल होने के लिए हमें छोड़कर चले गए थे, उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों के डर से ऐसा किया था.” खरगे ने कहा कि गुजरात में ”24 साल तक एक व्यक्ति” का शासन रहा और उन्होंने सवाल किया कि उस राज्य में अब भी गरीबी क्यों है. उन्होंने कहा, ”महाराष्ट्र में जो भी विकास हुआ है, वह कांग्रेस सरकारों की वजह से हुआ है.”

उन्होंने कहा, ”मोदी प्रधानमंत्री इसलिए बने क्योंकि हमने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की, अन्यथा वह आज चाय बेच रहे होते. अगर संविधान नहीं होता तो मेरे जैसा व्यक्ति कहीं परिश्रम कर रहा होता. अमेरिका जैसा देश आज भी किसी महिला के लिए वोट नहीं करता. भारत में सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं. भारत में सभी सुरक्षित हैं.” खरगे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी कुछ अमीर लोगों के लिए काम करते हैं और उनका 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया लेकिन किसानों तथा गरीब लोगों की मदद नहीं की.

उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी (मोदी सरकार के तहत हुई) ने गरीब लोगों की जान ली और उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के ”झूठ” में न फंसने का आग्रह किया. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ”मौजूदा सरकार को हरायें और एमवीए को पूर्ण बहुमत दें, ताकि चोर भी डर जाएं.” खरगे ने कहा कि लोगों के कल्याण के लिए एमवीए का सत्ता में आना जरूरी है. उन्होंने कहा कि एमवीए महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए काम करेगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button