भाजपा सांसद दुबे ने राहुल, प्रियंका पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Jul 2025 07:34 PM
भाजपा सांसद दुबे ने राहुल, प्रियंका पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली.) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेताओं को पंडित जवाहरलाल नेहरू के बारे में चर्चा होने पर दिक्कत है, लेकिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री ने जो कार्य किये हैं, उसे जानने और इस बारे में बात करने का हर देशवासी को अधिकार है. दुबे ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि नेहरू भले ही राहुल एवं प्रियंका के परदादा रहे हों लेकन देश की जनता को उनके (नेहरू के) बारे में जानने और बात करने का अधिकार है.

भाजपा सांसद ने लियाकत अली की एक पुस्तक का हवाला देते हुए नेहरू पर शुरू से ही परिवारवादी होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लियाकत अली भारत में ही रहकर राजनीति करना चाहते थे, लेकिन नेहरू ने अपनी बहन विजय लक्ष्मी पंडित को सोवियत संघ में भारतीय राजदूत नियुक्त किया था, जिससे दु:खी होकर अली ने पाकिस्तान जाने का फैसला किया. दुबे ने कहा कि जब देश की आजादी के बाद कम से कम 600 रियासतें भारत में विलय हुईं तो नेहरू कश्मीर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंच पर क्यों ले गये.

भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 1971 के युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले फील्ड मार्शल मानेक शॉ को 2007 तक पेंशन नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि तत्कालीन राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने 2008 में पेंशन शुरू की.
दुबे ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर में कितने विमान गिरे’, इसकी जानकारी मांगने वाली कांग्रेस को यह बताना चाहिए था कि 1962, 1965 और 1971 के युद्ध में हमारे कितने विमान गिरे थे. उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस बारे में आज तक कोई रिपोर्ट संसद में नहीं रखी.

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस न ले पाने को लेकर भाजपा-नीत सरकार की आलोचना किये जाने की चर्चा करते हुए दुबे ने कहा, ”हम पीओके लेकर रहेंगे.” चर्चा में हिस्सा लेते हुए शिवसेना के श्रीकांत शिंदे ने एक कविता के जरिये सेना के शौर्य का गुणगान किया. उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में मारे गये लोगों में तीन उनके निर्वाचन क्षेत्र से थे और उनके परिजनों की आंखों में यह सवाल था कि उन्हें न्याय कैसे मिलेगा? शिंदे ने ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2006 के ट्रेन विस्फोट के पीड़ितों को न्याय नहीं दिला पाने वाली कांग्रेस पहलगाम हमले के दोषियों का हिसाब मांग रही है.

उन्होंने कहा कि अमेरिका के सामने घुटने टेकने का मोदी सरकार पर आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने भोपाल गैस त्रासदी के आरोपी एंडरसन को सरकारी विमान में भगाया था. उन्होंने कहा कि बोफोर्स कांड के आरोपी क्वात्रोच्चि का क्या हुआ, दुनिया जानती है.
उन्होंने कहा कि पीओके को अंतरराष्ट्रीय मुद्दा कांग्रेस ने बनाया और अब यही (कांग्रेस) पीओके लाने की बात कर रही है. उन्होंने कहा, ”जिस तरह मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाया, राम मंदिर बनाया वैसे ही पीओके को हमारी सरकार ही लाएगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu