कर्नाटक में भाजपा ने विधायकों को लुभाने के लिए 100 करोड़ रुपये की पेशकश की: कांग्रेस विधायक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Aug 2024 09:40 PM
कर्नाटक में भाजपा ने विधायकों को लुभाने के लिए 100 करोड़ रुपये की पेशकश की: कांग्रेस विधायक
ऑडियो सुनें

मांड्या. कर्नाटक में कांग्रेस के एक विधायक ने विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को अस्थिर करने के लिए ‘ऑपरेशन कमल’ चलाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि 100 करोड़ रुपये की पेशकश कर कांग्रेस विधायकों को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है. मांड्या से कांग्रेस विधायक रविकुमार गौड़ा ने कहा कि भले ही भाजपा विधायकों को लालच देकर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन कोई भी विधायक उसके झांसे में नहीं आएगा और राज्य में कांग्रेस की सरकार स्थिर एवं मजबूत है.

गौड़ा ने एक संवाददाता के सवाल के जवाब में कहा, ”मैं आज भी कह रहा हूं कि उन्होंने (भाजपा ने) अब 50 करोड़ रुपये की पेशकश को बढ.ाकर 100 करोड़ रुपये कर दिया है. किसी ने परसों फोन करके कहा था कि सौ करोड़ रुपये तैयार हैं. वे 50 विधायकों को खरीदना चाहते हैं. भाजपा के लोग 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये पर पहुंच गए हैं.” उन्होंने यहां मीडिया से कहा, ”किसी ने मुझे फोन किया था, मैंने उससे कहा कि 100 करोड़ रुपये अपने पास रखो, मैंने ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) से शिकायत करने के बारे में सोचा. वे (भाजपा) हमारी सरकार को गिराने की योजना रोजाना बना रहे हैं, 50 करोड़ रुपये से अब वे 100 करोड़ रुपये की पेशकश पर पहुंच गए हैं, लेकिन हमारी सरकार स्थिर है, मुख्यमंत्री भी मजबूत हैं.” इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में भी गौड़ा ने दावा किया था कि एक टीम ने कांग्रेस विधायकों को 50 करोड़ रुपये और मंत्री पद देने का लालच देकर लुभाने की कोशिश की. उन्होंने कहा था कि चार विधायकों से संपर्क किया गया था और इस दावे के समर्थन में सबूत भी मौजूद हैं.

गौड़ा ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष, केंद्रीय मंत्रियों शोभा करंदलाजे, प्रह्लाद जोशी और एच डी कुमारस्वामी (जनता दल-सेक्युलर) पर राज्य में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए एक ”गिरोह” के रूप में काम करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि 136 विधायकों के साथ कांग्रेस सरकार ”चट्टान की तरह मजबूत” है, राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री गरीबों के हितैषी हैं और कोई भी उन्हें हटा नहीं सकता.

उन्होंने कहा, ”लेकिन इन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से वादा किया है और सरकार को गिराने के उद्देश्य से घूम रहे हैं.” गौड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा के ”दलाल” कांग्रेस विधायकों से रोजाना संपर्क कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ”हमारा कोई भी विधायक उनके झांसे में नहीं आएगा… वे (भाजपा) विधायकों को खरीदकर सरकार को गिराना चाहते हैं. वे अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं, क्योंकि कर्नाटक में कांग्रेस मजबूत है.” उन्होंने कहा, ”हम सबूत इकट्ठा कर रहे हैं, हम इसे ईडी, सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) को देंगे, हम उन्हें नकदी के बैग के साथ पकड़ना चाहते हैं…मेरे पास उस व्यक्ति का ऑडियो है जिसने मुझे फोन किया था, अब उसका दिल जोर से धड़क रहा होगा, हम इसे सही समय पर जारी करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu