भाजपा चाहती है कि मणिपुर जलता रहे : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 08:11 PM
भाजपा चाहती है कि मणिपुर जलता रहे : खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मणिपुर में ताजा हिंसा भड़कने के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ. पार्टी चाहती है कि मणिपुर जलता रहे क्योंकि इससे उनकी ”घृणास्पद विभाजनकारी राजनीति का मकसद पूरा होता है.” मणिपुर में अस्थिर हालात के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र में अपनी चुनावी रैलियां रद्द कर दी हैं. खरगे ने कहा कि राज्य के लोग कभी माफ नहीं करेंगे और न ही यह भूलेंगे कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया और उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए कभी उनके राज्य में कदम नहीं रखा.

कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”नरेन्द्र मोदी जी आपकी डबल इंजन सरकारों के शासन में ‘न तो मणिपुर एक है, न ही मणिपुर सुरक्षित है’.” उन्होंने कहा, ”मई 2023 से यह अकल्पनीय दर्द, विभाजन और हिंसा से जूझ रहा है, जिसने इसके लोगों के भविष्य को नष्ट कर दिया है.” उन्होंने कहा,”हम पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहे हैं कि ऐसा लगता है कि भाजपा चाहती है कि मणिपुर जलता रहे क्योंकि इससे उसकी घृणित विभाजनकारी राजनीति का मकसद पूरा होता है.” खरगे ने कहा कि सात नवंबर से अब तक कम से कम 17 लोगों की जान जा चुकी है, संघर्षग्रस्त क्षेत्रों की सूची में नए जिले जुड़े रहे हैं और आग सीमावर्ती पूर्वोत्तर राज्यों तक फैल रही है.

कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ”आपने मणिपुर को निराश किया है – जो एक खूबसूरत सीमावर्ती राज्य है. भले ही आप भविष्य में मणिपुर का दौरा करें, राज्य के लोग कभी माफ नहीं करेंगे या भूलेंगे नहीं कि आपने उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया और उनके कष्टों को दूर करने और समाधान खोजने के लिए कभी उनके राज्य में कदम नहीं रखा.” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी मणिपुर में हाल में हुई हिंसक झड़पों और जारी रक्तपात को ”बेहद परेशान करने वाला” करार दिया. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से राज्य का दौरा करने और क्षेत्र में शांति बहाल करने की दिशा में काम करने का आग्रह किया. राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कि हाल ही में हुई हिंसक झड़पें और जारी रक्तपात बेहद परेशान करने वाला है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”एक वर्ष से अधिक समय के विभाजन और पीड़ा के बाद, प्रत्येक भारतीय की यह आशा थी कि केंद्र और राज्य सरकारें सुलह के लिए हर संभव प्रयास करेंगी और कोई समाधान निकालेंगी.” उन्होंने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री से मणिपुर जाने और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बहाल करने की दिशा में काम करने का एक बार फिर आग्रह करता हूं.”

पार्टी महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने कहा कि ”मणिपुर में हिंसा की बढ.ती घटनाएं दर्शाती हैं कि मामले किस हद तक नियंत्रण से बाहर हो गए हैं.” उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ”हत्याएं एक बार फिर रोजमर्रा की घटना बन गई हैं और सड़कों पर भीड़ का राज है.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”गृहमंत्री चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं, जबकि प्रधानमंत्री एक और विदेश यात्रा पर गए हुए हैं जबकि मणिपुर फिर से जल रहा है. हम केंद्र से तत्काल अनुरोध करते हैं कि मणिपुर में यथाशीघ्र शांति बहाल की जाए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu