भाजपा आप नेताओं को जेल में बंद करना चाहती है ताकि वे दिल्ली विस चुनाव के समय मौजूद न रहें: भारद्वाज

नयी दिल्ली. दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को जेल में डालना चाहती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव के समय मौजूद नहीं रहें. भारद्वाज ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक ”पुराने” मामले में गिरफ्तार किया है.

उन्होंने कहा, ”केंद्र का एक ही उद्देश्य है-आप नेताओं, मंत्रियों और विधायकों को गिरफ्तार करना. पीएमएलए अधिनियम के प्रावधान काफी कड़े हैं और इनमें जमानत पाना मुश्किल है. वे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि विधानसभा चुनाव के समय आप विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों में मौजूद नहीं रहें.” इससे पहले, सौरभ भारद्वाज ने आप नेताओं को परेशान करने के लिए केंद्र पर एजेंसियों के ”दुरुपयोग” का आरोप लगाते हुए उसकी आलोचना की और इसे ”खुलेआम गुंडागर्दी” बताया.

खान के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तलाशी के संबंध में भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि जांच एजेंसी को कथित धन शोधन मामले में उनकी पार्टी के नेता के खिलाफ अब तक कोई सबूत नहीं मिला है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी ने सोमवार को खान के खिलाफ धन शोधन मामले में जांच के तहत दिल्ली में ओखला स्थित उनके आवास से उन्हें और उनसे संबद्ध कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है. राष्ट्रीय राजधानी के ओखला में खान के आवास पर तलाशी के बाद जांच एजेंसी ने धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के संबंधित प्रावधानों के तहत उन्हें हिरासत में लिया. भारद्वाज ने कहा कि आप नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है.

भारद्वाज ने कहा, ”केंद्र की सरकार जिस तरह से गुंडागर्दी में लिप्त है, वो चिंता का विषय है. वे खान पर धन के बदले लोगों को भर्ती करने का आरोप लगा रहे हैं जबकि अदालत ने इससे पहले साफ तौर पर कहा था कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी मामले में इससे पहले जांच की थी लेकिन उनके खिलाफ कुछ नहीं मिला.”

उन्होंने पूछा, ”वे उन्हें (खान को) प्रताड़ित करने के लिए एजेंसी का दुरुपयोग कर रहे हैं. वह ओखला में तीन कमरे के मकान में रहते हैं. उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं, जो तलाशी अभियान के दौरान बिस्तर पर लेटी हुई देखी गईं. आखिर कितनी बार आप वहां तलाशी के लिए जाएंगे और परिवार का उत्पीड़न करेंगे?” आप पार्षद रामचंद्र के आरोप के बारे में पूछे जाने पर भारद्वाज ने कहा कि पुलिस को मामले में जांच करनी चाहिए क्योंकि यह एक संज्ञेय अपराध है. रामचंद्र ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने उनका अपहरण कर लिया था.
भारद्वाज ने कहा कि भाजपा का पतन शुरू हो गया है और जनता जल्द पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button