भाजपा न तो आरक्षण हटाएगी और न ही कांग्रेस को ऐसा करने देगी : अमित शाह

कोरबा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि भाजपा न तो अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण को हटाएगी और न ही कांग्रेस को ऐसा करने देगी. उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि चार जून को वह अपनी हार का ठीकरा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर फोड़ने वाली है. शाह कोरबा लोकसभा क्षेत्र के कटघोरा कस्बे में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए देश में आतंकवाद और नक्सलवाद का पोषण करती रही है.

शाह ने कहा, ”कांग्रेस पार्टी का एक सूत्र है- झूठ बोलो, जोर से बोलो, सार्वजनिक रूप से बोलो. वे कहते हैं कि मोदी जी को बहुमत मिलेगा तो आरक्षण हटा देंगे. उन्होंने मेरा एक ‘फर्जी वीडियो’ प्रसारित किया है. मैं आपको बताना चाहता हूं कि 10 साल से आपके आशीर्वाद से मोदी जी के पास बहुमत है. मोदी ने ना आरक्षण हटाया, ना हटाएंगे.” शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बहुमत का उपयोग अनुच्छेद 370 हटाने, राम जन्मभूमि पर मंदिर बनाने, सीएए लागू करने, तीन तलाक समाप्त करने और नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए किया.

उन्होंने कहा, ”मैं आपको मोदी की गारंटी देने आया हूं, जब तक भारतीय जनता पार्टी का एक भी सांसद भारत की संसद में है, एसटी, एससी और ओबीसी आरक्षण को ना हम हटाएंगे, ना ही कांग्रेस को हटाने देंगे.” भाजपा नेता ने कोरबा लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी सरोज पांडेय को वोट देने की अपील की. इस सीट पर सात मई को मतदान है.

कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, ”खरगे साहब! क्यों एक परिवार के लिए झूठ बोल रहे हैं? चार जून (चुनाव परिणाम) को हारने के बाद हार का ठीकरा आप पर ही फूटने वाला है. आपको नहीं पता ये किसी के नहीं होते. खरगे जी बड़ी लंबी सूची है. चार जून को कांग्रेस जैसे ही हारेगी भाई-बहन सुरक्षित रहेंगे, बेचारे 80 साल की आयु के खरगे जी पर ठीकरा फूटेगा. मैं खरगे जी को सलाह देना चाहता हूं कि इस परिवार के लिए आप झूठ मत बोला कीजिए.” शाह ने कांग्रेस पर चुनाव में फायदे के लिए देश में आतंकवाद और नक्सलवाद को पनपने देने का आरोप लगाया और कहा, ”क्या छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त होना चाहिए कि नहीं.

देश के अन्य राज्यों में नक्सलवाद की समस्या समाप्त हो गई है. लेकिन छत्तीसगढ़ में भूपेश कक्का (बघेल) की सरकार थी, वह नक्सलवाद को बढ़ावा देते रहे. जैसे ही राज्य में भाजपा की सरकार बनी चार महीने में ही 95 नक्सली ढेर हो गए और साढ़े तीन सौ से ज्यादा गिरफ्तार हुए.” उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने से दो वर्ष में नक्सलवाद को समाप्त कर दिया जाएगा.

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ”हमारे सुरक्षाबलों ने पराक्रम दिखाया और हाल ही में 29 नक्सलियों और कल (मंगलवार) 10 नक्सलियों को मार गिराया लेकिन भूपेश बघेल इसे ‘फर्जी मुठभेड़’ कहते हैं. जबकि नक्सलियों ने स्वीकार कर लिया कि उनका बड़ा नुकसान हुआ है.” उन्होंने कहा, ”खरगे जी कहते हैं, मोदी जी आएंगे तो गरीबों का सत्यानाश होगा. मैं खरगे जी से पूछना चाहता हूं कि 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकलने से गरीबों का फायदा हुआ या नहीं हुआ?”

शाह ने कहा, ”80 करोड़ गरीबों को राशन देना गरीबों का फायदा है या नहीं? देश में 12 करोड़ शौचालय बनाने से, माताओं को गैस का सिलेंडर देने से, घर में नल से जल देने से और देश के सात करोड़ लोगों का पांच लाख रुपए तक इलाज करने से गरीबों का फायदा हुआ या नहीं?” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यक वोट बैंक के डर से रामलला प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया. केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वह पिछले 10 वर्षों में देश में बहुत बड़ा परिवर्तन लाये हैं और उनके पास ”10 वर्षों का ट्रैक रिकॉर्ड और 25 वर्षों का एजेंडा है.” शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोगों को कोविड-रोधी टीका लगवाने से हतोत्साहित करने की कोशिश की.

उन्होंने कहा, ह्लकोरबावासियों, मुझे बताओ कि आपको कोरोना का टीका लगा है या नहीं. क्या आपको पैसे देने पड़े? मोदी जी ने लोगों को कोविड-रोधी टीका लगवाकर देश को कोरोना से बचाने का काम किया है.” भाजपा नेता ने कहा, ”उस समय राहुल बाबा कहते थे कि टीका मत लगवाओ क्योंकि यह ‘मोदी वैक्सीन’ है. अच्छा है कि आपने उनकी बात नहीं सुनी और टीके लगवाए..फिर एक रात वह (राहुल गांधी) अंधेरे में अपनी बहन (प्रियंका गांधी) के साथ गए और टीका लगवाया.”

शाह ने कहा, ”राहुल बाबा, आपको शर्म आनी चाहिए कि आपने कोरोना जैसी महामारी पर राजनीति की.” उन्होंने कहा, ”मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनने का मतलब है कि इस देश को नक्सलवाद और आतंकवाद से मुक्त करना, देश के गरीबों के कल्याण के बारे में सोचना और पूरे देश का विकास करना.” शाह ने लोगों से भाजपा को वोट देने का आग्रह करते हुए कहा, ”मोदी ने आम चुनाव के पहले दो चरणों में शतक लगाया है और अब हम 400 से अधिक सीटों की ओर बढ़ेंगे.”

Related Articles

Back to top button