पाकिस्तान में दो मुस्लिम महिलाओं पर ईशनिंदा का मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Aug 2024 07:42 PM
पाकिस्तान में दो मुस्लिम महिलाओं पर ईशनिंदा का मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

लाहौर. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कुरान के पन्ने जलाने के आरोप में दो मुस्लिम महिलाओं पर ईशनिंदा का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. यहां से लगभग 50 किलोमीटर दूर कसूर जिले के राय कलां गांव में एक स्थानीय इमाम (प्रार्थना नेता) काशिफ अली की शिकायत पर एक निजी स्कूल की प्राचार्य शहनाज खान और उनकी खानसामा शाजिया करामात पर पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 295-बी के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस अधिकारी खालिद सलीम ने ‘पीटीआई’ को बताया कि काशिफ अली द्वारा अपनी मस्जिद से यह घोषणा किए जाने के बाद, कि उन्होंने (महिलाओं ने) शनिवार को कुरान के पन्ने जला दिए हैं, दोनों महिलाएं और उनके परिवार गांव छोड़कर भाग गए हैं.
उन्होंने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी वहां पहुंच गया था. उन्होंने बताया कि हमलावर भीड़ के घर और स्कूल तक पहुंचने से पहले ही शहनाज खान छिप गई थी.

पिछले सप्ताह पंजाब पुलिस ने कहा कि उन्होंने दो युवा ईसाई बहनों के खिलाफ ईशनिंदा के आरोप में मामला दर्ज किया है. समिया मसीह और सोनिया मसीह, दोनों की उम्र 20 वर्ष के आसपास है, ने सात अगस्त को यहां से लगभग 200 किलोमीटर दूर टोबा टेक सिंह जिले के गोजरा में अपने घर के बाहर कुरान के पन्नों से भरा एक बोरा कथित तौर पर फेंक दिया था. इस बीच, ‘अल्पसंख्यक गठबंधन पाकिस्तान’ के अध्यक्ष एडवोकेट अकमल भट्टी ने कहा कि ईसाई बहनों के खिलाफ, अनादर के आरोप झूठे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu