छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 6 अक्टूबर से, बच्चों से बुजुर्ग तक ले सकेंगे हिस्सा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Sep 2022 10:31 PM
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 6 अक्टूबर से, बच्चों से बुजुर्ग तक ले सकेंगे हिस्सा
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर बीते 6 सितम्बर को कैबिनेट में लिए गए निर्णय के बाद छत्तीगढ़िया ओलम्पिक का खाका तैयार कर लिया गया है. इस संबंध में खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पूरी कार्ययोजना बना ली गई है, जिसे आज जारी कर दिया गया है. छह स्तरों में होने वाले छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन का दायित्व पंचायत एवं ग्रामीण विकास और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है. छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की शुरुआत आगामी 6 अक्टूबर 2022 से शुरू होगी, जिसका समापन राज्य स्तर पर 6 जनवरी 2023 को होगा. दलीय एवं एकल श्रेणी में 14 तरह के पारम्परिक खेलों में फिलहाल शामिल किया गया है.

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बघेल के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ में पारम्परिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने के लिए पहल की गई है. छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक से प्रतिभागियों को एक ओर जहां मंच मिलेगा. वहीं उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और खेल भावना का विकास होगा. छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं नगरीय क्षेत्रों में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है.

दो श्रेणी में 14 तरह के खेल होंगे :
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक को लेकर जारी मार्गदर्शिका व कार्ययोजना के अनुसार छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल प्रतियोगिता दो श्रेणी में होंगे. इसमें खेल विधाओं के लिहाज से दलीय व एकल श्रेणी निर्धारित किया गया है. छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2022-23 में 14 प्रकार के पारम्परिक खेलों को शामिल किया गया है. इसमें दलीय श्रेणी गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं. वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बी कूद शामिल है.

गांव के क्लब से लेकर राज्य तक छह स्तरों पर होंगे आयोजन :
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में छह स्तर निर्धारित किए गए हैं. इन स्तरों के अनुसार ही खेल प्रतियोगिता के चरण होंगे. इसमें गांव में सबसे पहला स्तर राजीव युवा मितान क्लब का होगा. वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा. फिर विकासखंड/नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.

इन तिथियों में होंगे विभिन्न स्तरों के आयोजन :
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर के आयोजन 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2022 तक होंगे. वहीं जोन स्तर के आयोजन 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2022 तक खेले जाएंगे. विकासखंड स्तर पर खेल 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक आयोजित किए जाएंगे. जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक प्रतियोगिताएं होंगी. संभाग स्तर पर आयोजन 5 दिसम्बर से 14 दिसम्बर के बीच होगा. वहीं राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का अंतिम चरण 28 दिसम्बर 2022 से 6 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा.

बच्चों से बुजुर्ग तक ले सकेंगे हिस्सा :
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है. इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, फिर 18-40 वर्ष आयु सीमा तक, वहीं तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है. इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu