मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्र की एकता, अखंडता के लिए राजधानी वासियों के साथ लगाई एकता दौड़

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Oct 2024 10:00 PM
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्र की एकता, अखंडता के लिए राजधानी वासियों के साथ लगाई एकता दौड़
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब में राजधानी वासियों के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता के लिए दौड़ लगाई. इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित रन फॉर यूनिटी हम सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है. मुख्यमंत्री ने इस दौरान एकता दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया. मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सर्वपुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब ने भी एकता दौड़ लगाई.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का पुण्य स्मरण करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान सरदार पटेल ने अंग्रेजों के खिलाफ कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया. स्वतंत्रता के बाद उन्हीं के प्रयासों से रियासतों को एक करके उन्हें स्वतंत्र भारत में शामिल किया गया. साय ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की अखंडता अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपना जीवन समर्पित किया. उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी सभी लोगों को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस संकल्प और साहस के साथ राष्ट्र को एकजुट किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायी है. रन फॉर यूनिटी के आयोजन का उद्देश्य फिटनेस के मंत्र को भी देशभर में फैलाना है. सभी स्वस्थ रहेंगे तो देश अपनी पूरी ऊर्जा के साथ विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ पाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को धनतेरस, दीपावली, राज्य स्थापना, अन्नकूट और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी.

मंत्री राम विचार नेताम ने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस दिवस की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि यह पावन दिन हमें अपने देश की एकता अखंडता को बनाये रखने की प्रेरणा देता है. सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को हम भारतवासी कभी नहीं भूल सकते.
खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि रन फॉर यूनिटी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संदेश देता है. सरदार पटेल ने देश की अखंडता के लिए 500 से अधिक रियासतों को एक बनाया. उन्होंने कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो लक्ष्य रखा है, इसे पूरा करने के लिए हम सभी मिलकर आगे बढ़े. गौरतलब है कि इस वर्ष दीपावली के उत्सव को देखते हुए 29 अक्टूबर को ही राष्ट्रीय एकता दिवस और रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu