मुख्यमंत्री साय मुंबई में कपड़ा, इस्पात उद्योग के दिग्गजों से करेंगे मुलाकात

नयी दिल्ली. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस सप्ताह भारतीय उद्योग जगत के दिग्गजों से मुलाकात करेंगे और संसाधन संपन्न राज्य में निवेश के लिए जोरदार वकालत करेंगे. छत्तीसगढ़ अब एक नए प्रतिमान के साथ खुद को स्थापित कर रहा है – जिसे एक संशोधित औद्योगिक नीति और उन्नत बुनियादी ढांचे का समर्थन प्राप्त है.

एक सरकारी बयान में कहा गया है कि 23 और 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री कपड़ा और इस्पात उद्योग पर केंद्रित दो प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे. इन कार्यक्रमों के दौरान, वह देश भर के प्रमुख उद्योगपतियों और नीति-निर्माताओं के समक्ष छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, इसकी निवेश क्षमता और बुनियादी ढांचे के दृष्टिकोण को प्रस्तुत करेंगे. दोनों कार्यक्रम गोरेगांव के ‘बंबई प्रदर्शनी केंद्र’ में आयोजित किए जाएंगे.

23 अप्रैल को वह सीएमएआई फैब शो में हिस्सा लेंगे, जो भारतीय वस्त्र निर्माता संघ (सीएमएआई) द्वारा आयोजित एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम है. यह वार्षिक कार्यक्रम परिधान निर्माण, निर्यात और ब्रांडिंग के क्षेत्र के अग्रणी लोगों को एक साथ लाता है. मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति के तहत कपड़ा क्षेत्र के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों और अवसरों पर प्रकाश डालेंगे. इस कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख कंपनियों द्वारा राज्य में निवेश के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाने की भी उम्मीद है.

अगले दिन साय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में मुख्य अतिथि के रूप में ‘इंडिया स्टील 2025’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे. इस राष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, इस्पात क्षेत्र के लिए बुनियादी ढांचे की तैयारी और राज्य के दीर्घकालिक विकास के दृष्टिकोण की मुख्य बातें प्रस्तुत करेंगे.

उसी दिन छत्तीसगढ़ गोलमेज बैठक भी होगी, जहां मुख्यमंत्री संभावित निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे. चर्चा में इस्पात क्षेत्र के लिए विशेष रूप से विकसित औद्योगिक क्लस्टर, लॉजिस्टिक्स ढांचा, एकल खिड़की मंजूरी और श्रमिक-अनुकूल नीतियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. मुख्यमंत्री बंबई प्रदर्शनी केंद्र में स्थापित छत्तीसगढ़ राज्य मंडप का भी दौरा करेंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button