
हैदराबाद. तेलंगाना की 17 लोकसभा सीट में से कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आठ-आठ सीट पर आगे हैं. मंगलवार को मतगणना के अंतिम चरण में यह स्थिति देखी गई. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी जीत की कगार पर हैं और वह शाम 4.45 बजे हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र में अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी के. माधवी लता से 3.38 लाख मतों से आगे चल रहे थे.
भाजपा उम्मीदवार आदिलाबाद (सुरक्षित), निजामाबाद, करीमनगर, मेडक, सिकंदराबाद, मल्काजगिरी, चेवेल्ला और महबूबनगर लोकसभा सीट पर आगे हैं. निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक कांग्रेस के उम्मीदवार पेड्डापल्ले (सुरक्षित), महबूबाबाद (सुरक्षित), वारंगल (सुरक्षित), भोंगीर, खम्मम, नलगोंडा, नागरकुरनूल (सुरक्षित) और जहीराबाद सीट पर आगे हैं.
कांग्रेस और भाजपा दोनों के उम्मीदवार अपने-अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ बड़े अंतर से आगे बढ़ते दिख रहे हैं.
कांग्रेस उम्मीदवार के रघुवीर रेड्डी नलगोंडा सीट से शाम 4.45 बजे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के एस सैदी रेड्डी से 5.52 लाख मतों से आगे चल रहे थे. के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का सफाया होता नजर आ रहा है क्योंकि पार्टी किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में आगे नहीं चल रही है. पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में नौ सीट जीती थीं. पिछले साल नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों में बीआरएस को हार का सामना करना पड़ा था. पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने चार सीट जीती थीं जबकि कांग्रेस के खाते में तीन सीट गई थी.



