फिनलैंड में प्रधानमंत्री के लीक वीडियो को लेकर विवाद उपजा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Aug 2022 06:45 PM
फिनलैंड में प्रधानमंत्री के लीक वीडियो को लेकर विवाद उपजा
ऑडियो सुनें

हेलसिंकी. फिनलैंड में लीक हुए एक वीडियो में प्रधानमंत्री सना मारिन एक निजी पार्टी में दोस्तों के साथ नाचती और गाती नजर आ रही हैं, जिससे जनता के बीच यह बहस शुरू हो गयी है कि सर्वोच्च पद पर आसीन व्यक्ति के लिए ऐसा आचरण कितना उपयुक्त है और वो भी यूक्रेन पर पड़ोसी देश रूस के हमले के वक्त.

वीडियो में 36 वर्षीय मारिन कैमरे को पोज देती हैं. इस दौरान वह अच्छा समय बिताती हैं. फिनलैंड और पूरी दुनिया में पार्टी करने वाले युवा और कम उम्र के लोग सोशल मीडिया पर रोजाना ऐसे ही अनगिनत वीडियो साझा करते हैं. लेकिन लीक वीडियो ने फिनलैंड के लोगों के बीच एक बहस शुरू कर दी है कि प्रधानमंत्री के लिए किस स्तर की मौज मस्ती उपयुक्त है, विशेष रूप से यूक्रेन पर पड़ोसी रूस के हमले को देखते हुए, जिसने लंबे समय से तटस्थ फिनलैंड और स्वीडन को नाटो सदस्यता के लिए आवेदन करने के लिए प्रेरित किया है.

मध्यमार्गी-वामपंथी ‘सोशल डेमोक्रेटिक’ पार्टी का नेतृत्व करने वाली मारिन को पार्टी के बारे में सवालों की बौछार का सामना करना पड़ा है: क्या पार्टी में मादक पदार्थ थे? शराब थी? वह काम कर रही थीं या गर्मी की छुट्टी पर थीं? क्या प्रधानमंत्री इतने होश में थीं कि किसी आपात स्थिति से निपटने में वह सक्षम थीं? पार्टी में जाहिर तौर पर किसी ने यह वीडियो बनाया था जो सोशल मीडिया पर लीक हो गया और इस हफ्ते फिनलैंड की मीडिया का इस पर ध्यान आर्किषत किया.

मारिन ने कहा कि वह हाल के हफ्तों में पार्टी में शामिल हुईं लेकिन उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि वास्तव में यह कहां और कब आयोजित हुई. मारिन ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने और उनके दोस्तों ने पार्टी में जश्न मनाया और पार्टी में शराब का इस्तेमाल हुआ लेकिन, उनकी जानकारी में वहां कोई मादक पदार्थ शामिल नहीं था. उन्होंने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने मादक पदार्थों के बारे में अटकलों पर विराम लगाने के लिए ‘ड्रग टेस्ट’ कराया है.

मारिन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि 2022 में इस बात को स्वीकार कर लिया जाएगा कि निर्णय लेने वाले भी नाचेंगे, गाएंगे और पार्टियों में जाएंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं नहीं चाहती कि किसी प्रकार की छवि को फैलाया जाए, लेकिन यह मतदाताओं पर निर्भर है कि वे इसके बारे में क्या सोचते हैं.’’ प्रधानमंत्री विवाहित हैं और उनकी चार साल की बेटी है. वह अक्सर जोर देकर कहती हैं कि भले ही वह फिनलैंड की सरकार की मुखिया हैं, लेकिन वह अपनी उम्र के किसी अन्य व्यक्ति की तरह ही हैं, जो अपने ख़ाली समय में दोस्तों और परिवार के साथ अच्छा समय बिताना पसंद करती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu