ओडिशा में नदी में नहा रही महिला को खा गया मगरमच्छ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 09:31 PM
ओडिशा में नदी में नहा रही महिला को खा गया मगरमच्छ
ऑडियो सुनें

जाजपुर. ओडिशा के जाजपुर जिले के एक गांव के निवासियों ने बुधवार को बिरूपा नदी में एक मगरमच्छ द्वारा एक महिला को निगलने का भयानक दृश्य देखा. पुलिस ने बताया कि जिले के बारी ब्लॉक के पलटपुर गांव में 35 वर्षीय महिला जब कपड़े धोने के बाद नदी में नहा रही थी तो मगरमच्छ उसे खींचकर गहरे पानी में ले गया.

पुलिस ने कहा कि महिला ने खुद को मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन असफल रही. नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने मगरमच्छ को महिला को खींचते हुए देखा और दौड़कर उसके परिवार को इसकी सूचना दी. अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और महिला के शव का एक क्षत-विक्षत हिस्सा बरामद किया, क्योंकि मगरमच्छ शरीर का एक बड़ा हिस्सा खा चुका था.

इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई है क्योंकि उनमें से अधिकतर को पानी के अन्य स्रोतों के अभाव में नदी पर निर्भर रहना पड़ता है. अधिकारियों ने कहा कि ओडिशा में तीन महीने में मगरमच्छ द्वारा लोगों को मारने की यह पांचवीं घटना है. जून-जुलाई में पड़ोसी केंद्रपाड़ा जिले में मगरमच्छों ने चार लोगों को खींचकर मार डाला था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu