कच्चे तेल के दाम लुढ़क रहे हैं, पर मोदी सरकार की लूटखोरी पर कोई लगाम नहीं: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Jan 2024 08:03 PM
कच्चे तेल के दाम लुढ़क रहे हैं, पर मोदी सरकार की लूटखोरी पर कोई लगाम नहीं: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें गिरने के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम नहीं करने को लेकर बृहस्पतिवार को नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा. खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में एक चार्ट भी डाला, जिसमें कहा गया कि 19 महीनों में कच्चे तेल की कीमत 31 फीसदी कम हो गई है, लेकिन मंत्री का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई कमी नहीं होगी.

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में कहा, ”कच्चे तेल के दाम लुढ़क रहे हैं, पर मोदी सरकार की लूटखोरी पर कोई लगाम नहीं है. मोदी जी के मंत्री कह रहे हैं कि ‘तेल कंपनियों से दाम घटाने के बारे में कोई बात नहीं हुई है.’ तेल कंपनियां हर एक लीटर पेट्रोल पर जनता से आठ से 10 रुपये और डीजल पर तीन से चार रुपये मुनाफा कमा रही हैं.” खरगे ने कहा, ”देश भाजपा के ‘अच्छे दिन’ के झूठे भाषणों और खोखले विज्ञापनों में… 50 सालों में सबसे कम हुई ‘जनता की बचत’ का हिसाब ढूंढ रहा है.”

विफलताएं छिपाने को सरकार उठा रही भावनात्मक मुद्दे, चुनाव के लिए तैयार हो जाएं कार्यकर्ता: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर पिछले 10 साल की अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दे उठाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया. कांग्रेस अध्यक्ष ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए राहुल गांधी की सराहना की और विश्वास जताया कि मणिपुर से महाराष्ट्र तक उनकी ‘भारत न्याय यात्रा’ सामाजिक न्याय के मुद्दों को राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में लाएगी.

खरगे ने देश भर के पार्टी नेताओं की एक बैठक में कहा, ”भाजपा पिछले 10 साल में अपनी सरकार की विफलताओं को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दों को आगे बढ़ा रही है. वे जानबूझकर हर मुद्दे में कांग्रेस को शामिल करते हैं.” खरगे ने नेताओं से अपने मतभेद भुलाने, आंतरिक मुद्दों को मीडिया में नहीं उठाने और एक टीम की तरह काम करने की अपील करते हुए कहा, ”हमें एकजुट होकर लोगों के सामने जमीनी मुद्दों पर भाजपा के झूठ, फरेब और गलत बातों का मुंहतोड़ जवाब देना है.”

पच्चीस साल तक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान हर राज्य में लगातार पूरे मन से काम हुआ और 2004 में उन्हीं के नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को हराया और केंद्र में पूरे 10 साल लगातार सरकार रही.

उन्होंने कहा, ”तब हर गांव और शहर का हमारा कायकर्ता उठ खड़ा हुआ था. आज समय आ गया है कि उसी लगन, मेहनत और समर्पण भाव से हमें काम करते हुए पार्टी को आगे ले जाना होगा.” यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा के सभी हमले कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर हो रहे हैं, उन्होंने कहा, ”राजग केवल नाम का रह गया है जबकि इंडिया गठबंधन में प्रमुख जमीनी दल हैं जिनके पास एक मजबूत कैडर, आधार और विचारधारा है.”

मोदी सरकार पर आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस के योगदान को लगातार नजरअंदाज करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ”हमें उन्हें ठोस जवाब देना होगा.” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संसदीय लोकतंत्र और आधुनिक भारत की नींव में कांग्रेस द्वारा दिए गए योगदान को हमेशा याद रखने को कहा. उन्होंने कहा, ”क्योंकि जो इतिहास भूल जाते हैं, वे इतिहास नहीं रच सकते.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दिन-रात काम करके हम 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद लोगों को एक वैकल्पिक सरकार देने में सक्षम होंगे.

उन्होंने कहा, ”मतभेदों को छोड़ दें, झूठ न बोलें और आंतरिक मुद्दों को मीडिया में न उठाएं और कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए एक टीम के रूप में काम करें.” देश भर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति और अन्य दलों के साथ सीटों के बंटवारे के अलावा 14 जनवरी से शुरू होने वाली ‘भारत न्याय यात्रा’ की तैयारियों पर चर्चा की.

खरगे ने कहा, ”हमारे लिए दोनों (यात्रा और चुनाव) की सफलता जरूरी है. इसलिए हम सबको इस बीच में काफी समय देना है. यात्रा में कांग्रेस आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय की हकीकत लोगों के सामने रखेगी. संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिये अपनी अवाज. पूरी ताकत से उठानी है, कांग्रेस के कैडर इसे सफल बनाने के लिए पूरा जोर लगाएगें. ” उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले 10 साल में एक भी ऐसा काम नहीं किया है जिसे मील का पत्थर कहा जा सके.

उन्होंने कहा, ”वे कांग्रेस के जमाने की योजनाओं का नाम और रूप बदलने का काम करते रहे हैं. वे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और बड़ी संस्थाओं को बेच रहे हैं. देश की लाइफलाइन रेलवे से लेकर हर संस्थान को उन्होंने तबाह किया है. प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रहे हैं. मणिपुर में आज तक प्रधानमंत्री का न जाना ये बताता है कि राष्ट्रीय सवालों पर वे कितनी गैर जिम्मेदारी से काम करते हैं.”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की आंख और कान बताया और उनसे अगले तीन महीने रात-दिन एक करके पार्टी के लिए जी जान से जुट जाने की अपील की. पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में पार्टी महासचिवों, राज्य प्रभारियों, राज्य इकाइयों के प्रमुखों और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे. खरगे द्वारा दिसंबर में पार्टी संगठन में फेरबदल किए जाने के बाद नवनियुक्त पार्टी पदाधिकारियों की यह पहली बैठक थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu