अमेरिका में ‘हेलेन’ तूफान के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 107

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Sep 2024 10:51 PM
अमेरिका में ‘हेलेन’ तूफान के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 107
ऑडियो सुनें

एशविले. पश्चिमी उत्तरी कैरोलिना में बचाव दल को बिना बिजली और सेलुलर सेवा के बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में सोमवार को पानी, भोजन और अन्य आपूर्ति पहुंचाने के लिए कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा. तीन दिन पहले आए तूफान ‘हेलेन’ ने अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में कहर ढाया है और इस तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 107 हो गयी है. उत्तरी कैरोलिना की एक काउंटी में स्थित पहाड़ी शहर एशविले में 30 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. जॉर्जिया में सोमवार को मरने वालों की संख्या 17 से बढ़कर 25 हो गई.

उत्तरी कैरोलिना के गवर्नर रॉय कूपर ने मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान जताया है क्योंकि बचाव दल और अन्य आपातकालीन कर्मचारी ढही हुई सड़कों, क्षतिग्रस्त इमारतों और बाढ़ से अलग-थलग पड़े इलाकों में अभियान चलाएंगे. अलग-थलग पड़े शहर एशविले के आसपास के इलाकों में हवाई मार्ग से आपूर्ति की जा रही है. बनकॉम्ब काउंटी मैनेजर एवरिल पिंडर ने वादा किया कि वह सोमवार तक शहर में भोजन और पानी पहुंचा देंगी.

पिंडर ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, ”हम आपकी आवाज सुन रहे हैं. हमें भोजन और पानी की जरूरत है.” उन्होंने कहा, “मेरा स्टाफ सरकार से सहायता के लिए हर संभव अनुरोध कर रहा है और हम हर उस संगठन के साथ काम कर रहे हैं जो मदद के लिए आगे आया है. मैं आपसे वादा करता हूं कि हम बहुत करीब हैं.” एशविले की जल आपूर्ति प्रणाली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है. यहां रहने वाले लोग शौचालयों में प्रयोग के लिए पानी लाने बाल्टी लेकर नाले की ओर जाते हुए दिखाई दिये.

तीन दिन पहले आए तूफान ने एशविले में पेड़ों को उखाड़ दिया और सड़कों को तबाह कर दिया. हर जगह सिर्फ और सिर्फ कीचड़ ही रह गया है. पड़ोसियों ने स्थानीय लोगों के साथ भोजन और पानी साझा किया और एक-दूसरे को सांत्वना दी. ‘हेलेन’ तूफान ने क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई है. फ्लोरिडा के बिग बेंड गांव में बृहस्पतिवार देर रात ‘हेलेन’ तूफान ने दस्तक दी थी और उस दौरान 225 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं. इसके बाद तूफान ने जॉर्जिया की ओर रुख किया. ‘हेलेन’ तूफान के कारण कैरोलाइना और टेनेसी में मूसलाधार बारिश हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu