कंपाला (युगांडा). युगांडा की राजधानी में कचरे का पहाड़ गिरने से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 24 हो गई जबकि बचावकर्मी अन्य पीड़ितों की खोज के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं. स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार को किटेजी में कचरे का पहाड़ ढहने से मरने वालों में कम से कम चार बच्चे भी शामिल हैं.
माना जा रहा है कि भारी बारिश के कारण कचरे का पहाड़ ढह गया.
युगांडा रेड क्रॉस की प्रवक्ता इरेन नाकासीता ने बताया कि और लोगों को जीवित निकालने की कोई उम्मीद नहीं है. यह साफ नहीं है कि कितने लोग लापता हैं. युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं. मुसेवेनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पूछा, “किसने लोगों को ऐसे संभावित खतरनाक और घातक ढेर के पास रहने की अनुमति दी?” मुसेवेनी ने कहा कि इस स्थल से निकलने वाला अपशिष्ट इतना खतरनाक है कि लोगों को वहां नहीं रहना चाहिए.