दिल्ली वक्फ मामला: अदालत ने अमानतुल्लाह खान की जमानत स्वीकार की, रिहाई का आदेश

वक्फ मामले में अमानतुल्ला खान को जमानत मिलने से मोदी के 'झूठे मामले' की पोल खुली: सिंह

नयी दिल्ली. दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली वक्फ बोर्ड मामले में कथित अनियमितताओं से संबंधित धनशोधन के एक मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्ला खान को बृहस्पतिवार को रिहा करने का आदेश जारी किया. विशेष न्यायाधीश जितेन्द्र सिंह ने एक लाख रुपये के जमानती मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत स्वीकार करने के बाद यह आदेश जारी किया.

इससे पहले दिन में न्यायाधीश ने मामले में खान को रिहा करने का आदेश दिया, जबकि उनके खिलाफ दायर आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया. न्यायाधीश ने कहा कि खान के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं, लेकिन अभियोजन की कोई मंजूरी नहीं ली गई है.

न्यायाधीश ने कहा, ” इसलिए संज्ञान लेने से इनकार किया जाता है.” प्रवर्तन निदेशालय ने 29 अक्टूबर को 110 पृष्ठों की पहली अनुपूरक अभियोजन शिकायत दायर की थी जिसमें दावा किया गया था कि खान ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में भ्रष्टाचार के माध्यम से कथित रूप से अर्जित धन का शोधन किया है.

आरोपपत्र में मरियम सिद्दीकी का भी नाम था, जिसे मामले में ईडी ने आरोपी के तौर पर गिरफ्तार नहीं किया था. अदालत ने कहा कि सिद्दीकी के खिलाफ मामला चलाने के लिए कोई सबूत नहीं है. अदालत ने उन्हें बरी कर दिया. अनुपूरक अभियोजन शिकायत आरोपपत्र के समान होती है.

वक्फ मामले में अमानतुल्ला खान को जमानत मिलने से मोदी के ‘झूठे मामले’ की पोल खुली: सिंह

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली वक्फ मामले में पार्टी विधायक अमानतुल्ला खान को जमानत मिलने से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ”झूठे मामले” की पोल खुल गई है. दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली वक्फ बोर्ड मामले में कथित अनियमितताओं से संबंधित धनशोधन के एक मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान को रिहा करने का आदेश दिया और साथ ही खान के खिलाफ दायर आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार किया. पार्टी के राज्यसभा सदस्य सिंह ने ‘एक्स’ पर कहा, ”अमानत को जमानत.

एक बार फिर मोदी के झूठे मुकदमे की पोल खुल गई. मोदी जी अपना हर हथकंडा अपना चुके लेकिन अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को खत्म नही कर पाये.” अपने सहयोगी की बात दोहराते हुए दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि ऐसा होना तय था. उन्होंने कहा, ”आम आदमी पार्टी के सभी नेता अब बाहर हैं. सच्चाई को पराजित नहीं किया जा सकता और हम पूरी ताकत से दिल्ली चुनाव लड़ने जा रहे हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button