क्रीमिया को निशाना बनाने वाली 10 मिसाइल नष्ट की: रूस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 May 2024 05:04 PM
क्रीमिया को निशाना बनाने वाली 10 मिसाइल नष्ट की: रूस
ऑडियो सुनें

कीव. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बुधवार तड़के यूक्रेन की ओर से क्रीमिया को निशाना बनाने के लिए दागी गई 10 अमेरिकी मिसाइलों को नष्ट कर दिया. यह हमला उस समय हुआ जबकि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन कीव के दौरे पर हैं. मंत्रालय ने कहा कि 10 यूक्रेनी एटीएसीएमएस मिसाइलों को क्रीमिया के ऊपर काला सागर में नष्ट कर दिया गया.

सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल राजवोझायेव ने कहा कि वायु रक्षा बलों ने काला सागर के ऊपर और बेलबेक हवाई ठिकाने के पास कई यूक्रेनी मिसाइलों को नष्ट कर दिया. राजवोझायेव ने कहा कि नष्ट की गई मिसाइलों के टुकड़े रिहायशी इलाकों में गिरे, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अन्य यूक्रेनी हमलों में रूसी हवाई रक्षा (प्रणाली) ने बुधवार तड़के बेलगोरोड क्षेत्र में नौ यूक्रेनी ड्रोन, दो विल्हा रॉकेट, दो एंटी-रडार एचएआरएम मिसाइल और दो हैमर गाइडेड बमों को भी नष्ट कर दिया. बेलगोरोड के गवर्नर वुचेस्लाव ग्लैडकोव ने कहा कि डुबोवॉय गांव में यूक्रेनी रॉकेट के कारण घर में आग लगने से दो लोग घायल हो गए.

सेना ने कहा कि पांच अन्य यूक्रेनी ड्रोन कुर्स्क क्षेत्र में और तीन ड्रोन ब्रांस्क क्षेत्र में नष्ट किये गये. रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि तातारस्तान क्षेत्र में एक और यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट किया गया. रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर वासिली गोलुबेव ने कहा कि दो ड्रोन से एक ईंधन डिपो पर हमला किया गया. उन्होंने कहा कि कोई हताहत नहीं हुआ और न आग लगी.

ब्लिंकन मंगलवार को दो दिवसीय यात्रा पर कीव पहुंचे और उन्होंने यूक्रेन के लोगों को आश्वस्त किया कि वे अकेले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि राजनीतिक कारणों से देरी हुई लेकिन अरबों डॉलर की अमेरिकी सैन्य सहायता उनके पास पहुंचने वाली है और यह युद्ध के मैदान पर “वास्तविक अंतर” लाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu