दिल्ली में जिला मजिस्ट्रेट हरित पटाखों की बिक्री के लिए स्थान तय करेंगे: पर्यावरण मंत्री सिरसा

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 15 Oct 2025 02:48 PM
दिल्ली में जिला मजिस्ट्रेट हरित पटाखों की बिक्री के लिए स्थान तय करेंगे: पर्यावरण मंत्री सिरसा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिवाली पर राष्ट्रीय राजधानी में हरित पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति देने वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले का बुधवार को स्वागत किया और कहा कि जिला मजिस्ट्रेट पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित करेंगे।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिरसा ने कहा कि विनिर्माताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी प्रतिबंधित पटाखे दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बाजारों में प्रवेश न करें और उन्होंने निवासियों से केवल हरित पटाखों का उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले पर दोपहर तीन बजे पटाखा विनिर्माताओं और खुदरा विक्रेताओं के साथ बैठक करेगी। इसके बाद अपराह्न चार बजे दिल्ली नगर निगम, दिल्ली पुलिस और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति जैसे सभी हितधारक विभागों के साथ एक और बैठक होगी।

सिरसा ने कहा कि दिल्ली में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री को रोकने और शीर्ष अदालत के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी की जाएगी। मंत्री ने कहा कि फिलहाल दिल्ली में किसी के पास हरित पटाखे बेचने का लाइसेंस नहीं है और जिला मजिस्ट्रेट लाइसेंस जारी करेंगे।

केंद्र और दिल्ली सरकार के संयुक्त अनुरोध को स्वीकार करते हुए उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को हरित पटाखों पर प्रतिबंध में ढील दी। उसने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और एनसीआर के राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) को दिवाली के दौरान प्रदूषण स्तर की निगरानी करने और उसके समक्ष रिपोर्ट दाखिल करने को कहा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital