चंडीगढ/नयी दिल्ली. उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को कहा कि वह संवैधानिक संस्थाओं को ”अपमानित” करने के प्रयासों से व्यथित हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले लोगों को संविधान निर्माता बी.आर. आंबेडकर की शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए.
हरियाणा के रोहतक में मर्हिष दयानंद विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए धनखड़ ने कहा कि सत्ता के गलियारे जो 10 या 15 साल पहले ”दलालों की गिरफ्त में थे, अब स्वच्छ हो गए हैं.”
छात्रों से आंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए, धनखड़ ने कहा, ”यह बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि हम पाते हैं कि हममें से कुछ, बहुत कम संख्या में, इसका अनुसरण नहीं कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”इससे हमारा दिल दुखी होता है. भारतीयता में विश्वास रखने वाला, भारत का नागरिक, हमारे देश को कैसे नीचा दिखा सकता है. कैसे वह देश में या बाहर जाकर हमारी संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचा सकता है?” उप राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए सबक यह है कि वे आंबेडकर की शिक्षाओं का अनुसरण करें.
उन्होंने कहा, ” मैं कहता हूं, आपको पहले और अंत में केवल भारतीय होना चाहिए और भारतीय के अलावा कुछ नहीं होना चाहिए.” भ्रष्टाचार के संदर्भ में धनखड़ ने दावा किया, ”मुझे याद है कि एक दशक या 15 साल पहले शासन के गलियारे सत्ता के दलालों से भरे हुए थे… भ्रष्टाचार के बिना कुछ भी नहीं किया जा सकता था.” उन्होंने कहा, ”अब स्थिति यह है कि इन गलियारों को दलालों से मुक्त कर दिया गया है.”
धनखड़ ने कहा, ”भारत पहले से कहीं ज्यादा आगे बढ. रहा है और यह प्रगति यात्रा, मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि ठहरने वाली नहीं है.” उन्होंने स्नातकों से संपन्न और फलते-फूलते सकारात्मक माहौल का लाभ उठाने का भी आ”ान किया.
इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, हरियाणा के मंत्री मूलचंद शर्मा और मर्हिष दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजबीर सिंह उपस्थित थे.
गोगोई ने धनखड़ के शिष्टाचार का ‘मजाक उड़ाने’ के लिए कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा
राज्यसभा सदस्य और भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से झुककर बात करते उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट करके मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधा. धनखड़ उपराष्ट्रपति बनने से पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे.
गोगोई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ह्लराज्यपाल होते हुए भी वह ममता बनर्जी से झुककर बात कर रहे हैं. क्योंकि यह उनका आदर्श और शिष्टाचार है. कांग्रेस के नेताओं ने उनके शिष्टाचार का मजाक उड़ाया. ह्व राज्यसभा के सभापति धनखड़ ने हाल में विपक्षी नेताओं द्वारा एक वीडियो साझा करने के बाद दुख जताया था, जिसमें वह झुककर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा था कि यह उनके संस्कार हैं और यह मायने नहीं रखता कि उनके सामने कौन खड़ा है.
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी का एक वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी नेताओं की आलोचना की थी, जिसमें बनर्जी संसद से विपक्षी सांसदों को निलंबित किए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर धनखड़ की नकल उतार रहे थे जबकि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तृणमूल नेता बनर्जी का वीडियो बना रहे थे. गोगोई 2020 से राज्यसभा के मनोनीत सदस्य हैं.