‘विवाह विच्छेद समारोह’ कर भोपाल में तलाकशुदा पुरूष मनाएंगे जश्न

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Sep 2022 06:58 PM
‘विवाह विच्छेद समारोह’ कर भोपाल में तलाकशुदा पुरूष मनाएंगे जश्न
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) उन 18 पुरुषों के जश्न के लिये ‘विवाह विच्छेद समारोह’ का आयोजन कर रहा है, जिन्हें लंबी कानूनी लड़ाई के बाद तलाक दे दिया गया था और अपनी शादियों को खत्म करने के लिए अपनी तलाकशुदा पत्नी को भारी भरकम गुजारा भत्ता दे रहे हैं. इस कार्यक्रम का आयोजन 2014 से पंजीकृत एनजीओ ‘भाई वेलफेयर सोसाइटी’ की ओर से 18 सितंबर को राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित एक रिसॉर्ट में किया जा रहा है.

संगठन के संयोजक जकी अहमद ने रविवार को पीटीआई-भाषा से कहा कि हम ऐसे पतियों के लिए यह कार्यक्रम कर रहे हैं, जिनकी पत्नियां उन्हें तलाक दे चुकीं हैं. उन्होंने कहा कि देश में इस तरह का यह पहला आयोजन होगा. अहमद ने बताया, ‘‘यह एक गेट-टुगेदर था. लेकिन एक छोटे समूह के लिए आयोजित विवाह विच्छेद समारोह कार्यक्रम का निमंत्रण कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मुझे अब उन लोगों के फोन आ रहे हैं जो इसका विरोध कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ है.’’ उन्होंने कहा कि अगर ऐसे लोग हमारे इस समारोह के किसी भी कार्यक्रम पर आपत्ति करते हैं तो संगठन उनकी आपत्तियों का निवारण करेगी.

अहमद ने कहा कि समूह के लोग लंबी लड़ाई के बाद पहले से ही अपने तलाक का जश्न मना रहे हैं और तलाक होने पर अपनी पूर्व पत्नियों को भारी भरकम गुजारा भत्ता भी दे रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हम तलाक का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन एक खराब शादी उत्पीड़न और कभी-कभी आत्महत्या की ओर ले जाती है. हम इसे रोकना चाहते हैं. हमारा संगठन ऐसे लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान कर रहा है और उन्हें कठोर कदम उठाने से रोकने के लिए परामर्श दे रहा है.’’ उन्होंने बताया कि तलाकशुदा 18 पुरूष इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इन्हें पिछले दो से तीन साल के बीच तलाक मिला है. अहमद ने कहा कि इंजीनियर, चिकित्सक और अन्य कामकाजी पेशेवर, जो इस तरह के मामलों के शिकार हुए हैं, इस संगठन के सदस्य हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu