दिव्या पाहुजा हत्याकांड : मुख्य आरोपी की महिला मित्र गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Jan 2024 10:22 PM
दिव्या पाहुजा हत्याकांड : मुख्य आरोपी की महिला मित्र गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

गुरुग्राम. पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी और होटल मालिक अभिजीत सिंह की दूसरी साथी 20 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने कहा कि गिरफ्तार महिला की पहचान दिल्ली के नजफगढ. में मित्राऊं एक्सटेंशन की मेघा के रूप में की गई है. आरोप है कि मेघा ने कथित तौर पर हत्या के बाद अपराध में इस्तेमाल हथियार, दस्तावेजों और दिव्या के निजी सामान को छिपाने में अभिजीत की मदद की थी.

उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने मेघा को शहर की अदालत में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने बताया कि दो जनवरी को दिव्या को पांच लोग होटल सिटी प्वाइंट ले गए और कमरा संख्या 111 में कथित तौर पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के छह दिन बाद भी पूर्व मॉडल का शव नहीं मिला है. एसआईटी ने अभिजीत और उसकी दूसरी महिला साथी मेघा से करीब दो घंटे तक पूछताछ की.

एक वरिष्ठ जांचकर्ता ने कहा कि पुलिस को संदेह है कि आरोपी बीएमडब्ल्यू कार में शव ले गए और उसे घग्गर नदी में फेंक दिया होगा.
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने बताया कि मेघा की गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह, हेमराज और ओमप्रकाश को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपियों बलराज गिल और रवि बांद्रा को पकड़ने के लिए छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस उपायुक्त (अपराध) विजय प्रताप सिंह ने कहा,”हम आरोपी महिला को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं. हमारी टीम शव का पता लगाने और होटल से शव ले जाने वाले दो आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu