बस्तर में ड्राइवरों की हड़ताल, 4200 ट्रकों के पहिए थमे, एक ही दिन में 110 करोड़ का व्यवसाय प्रभावित

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Mon, 16 Nov 2026 08:17 PM
बस्तर में ड्राइवरों की हड़ताल, 4200 ट्रकों के पहिए थमे, एक ही दिन में 110 करोड़ का व्यवसाय प्रभावित
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ के बस्तर में ड्राइवरों के आंदोलन का असर अब बड़े परिवहन कारोबार पर पड़ने लगा है। एशिया के सबसे बड़े ट्रक यूनियनों में शामिल बस्तर परिवहन संघ के हजारों ट्रकों के पहिए थम गए हैं। ड्राइवरों की हड़ताल के कारण बैलाडीला से लेकर नगरनार तक लौह अयस्क और पिग आयरन की ढुलाई प्रभावित हो गई है। एक आंकलन है कि इस हड़ताल से सिर्फ एक ही दिन में 110 करोड़ का व्यवसाय प्रभावित हुआ है।

बस्तर परिवहन संघ के करीब 2500 और बैलाडीला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के लगभग 1700 ट्रक अलग-अलग स्थानों पर खड़े हैं। इस तरह 4200 से अधिक ट्रकों का संचालन प्रभावित होने से करीब चार हजार परिवारों की आजीविका पर आर्थिक संकट मंडराने लगा है। लौह अयस्क और पिग आयरन की ढुलाई प्रभावित बस्तर के परिवहन कारोबार में बैलाडीला की खदानों और नगरनार स्थित एनएमडीसी से निकलने वाले लौह अयस्क तथा पिग आयरन की ढुलाई की महत्वपूर्ण भूमिका है।

यहां से माल रायपुर समेत प्रदेश के अन्य बड़े शहरों तक ट्रकों के माध्यम से पहुंचाया जाता है। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 300 से 400 ट्रकों के जरिए माल का परिवहन होता है। हालांकि, ड्राइवर संघ के आंदोलन के चलते पिछले चार दिनों से परिवहन व्यवस्था लगभग ठप पड़ी है। इसका सीधा असर ट्रक मालिकों, परिवहन कारोबारियों और उद्योगों की आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है। ट्रकों का संचालन नहीं होने से माल की ढुलाई प्रभावित हुई है। लगातार परिवहन बंद रहने के कारण ट्रक मालिकों की आर्थिक परेशानियां भी बढ़ने लगी हैं।

चार हजार परिवारों की आजीविका पर असर बस्तर परिवहन संघ के अध्यक्ष प्रदीप पाठक के मुताबिक, संघ में 2500 से अधिक ट्रक और करीब 2143 सदस्य हैं। ड्राइवरों की हड़ताल के कारण पिछले तीन दिनों से लौह अयस्क और पिग आयरन की ढुलाई प्रभावित है। इससे परिवहन कारोबार से जुड़े लगभग चार हजार परिवारों की आजीविका पर असर पड़ा है। प्रदीप पाठक ने बताया कि 12 नवंबर को बस्तर परिवहन संघ ने ड्राइवरों की मांगों का समर्थन किया था। हालांकि, लगातार परिवहन बंद रहने से अब ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बैलाडीला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के करीब 1700 ट्रक भी खड़े हैं। दोनों संगठनों के हजारों ट्रकों का संचालन प्रभावित होने से बस्तर के परिवहन कारोबार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group