विश्व कप के पहले ही मैच में खाली स्टेडियम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Oct 2023 07:52 PM
विश्व कप के पहले ही मैच में खाली स्टेडियम
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. पिछले चैम्पियन इंग्लैंड और उपविजेता न्यूजीलैंड के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर वनडे विश्व कप के पहले मैच की शुरूआत के समय बमुश्किल दस हजार दर्शक जुटे और दिन ढलने के साथ भी आंकड़ा 15 से 17 हजार के बीच ही रहा . ऐसा लगता है कि भारत में एक साथ दो विश्व कप होने जा रहे हैं . पहला जिसमें भारतीय टीम खेलेगी और जिसके टिकटों के लिये मारामारी होगी . इतनी कि विराट कोहली तक को इंस्टाग्राम पर लिखना पड़ा कि उनसे कोई टिकट नहीं मांगे . और दूसरा अन्य टीमों का जिसमें मैदान खाली पड़े नजर आयेंगे .

चार साल पहले लाडर्स पर ऐतिहासिक फाइनल खेलने वाली दोनों टीमों ने सोचा भी नहीं होगा कि उन्हें लगभग खाली स्टेडियम में अपने अभियान का आगाज करना होगा. आईसीसी के वैश्विक दूत सचिन तेंदुलकर ट्रॉफी के साथ मैदान में आये लेकिन संन्यास लेने के बाद भी इस चैम्पियन बल्लेबाज को ऐसे खाली मैदान की आदत नहीं होगी . भारत से इतर मैच में भी दर्शक ‘सचिन सचिन’ के शोर से मैदान गुंजा देते आये हैं लेकिन आज ऐसा कुछ नहीं था .  क्या वनडे क्रिकेट को लेकर रोमांच मर चुका है .

भारतीय क्रिकेटप्रेमी अपने सितारों को पसंद करते हैं लेकिन शायद खेल को नहीं . ड्रोन कैमरे से मैदान के ऊपर से ली गई फुटेज में खालीपन और भी नजर आया . भारतीय टीम के मैचों के दौरान या आईपीएल में भी स्टेडियमों के बाहर लगने वाली कतारें नदारद थी .

गुजरात क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें 50 से 60 हजार दर्शकों के आने की उम्मीद थी . ऐसी खबरें हैं कि शहर की 30 से 40 हजार महिलाओं को मुफ्त टिकट दिये गए लेकिन इसके बावजूद सीटें खाली ही रही . कनाडा में रहने वाले विराज शाह ने कहा ,” मेरे स्वदेश आने के समय ही विश्व कप शुरू हुआ है . मैने इस मैच की टिकट आनलाइन ली थी लेकिन भारत . पाकिस्तान मैच की नहीं मिली .” लगता है कि शहर को 14 अक्टूबर का इंतजार है जब भारत और पाकिस्तान इसी मैदान पर आमने सामने होंगे .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu