बाइडन के समर्थन से सम्मानित महसूस कर रही, ट्रंप को हराने के लिए देश को एकजुट करना लक्ष्य : कमला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jul 2024 08:29 PM
बाइडन के समर्थन से सम्मानित महसूस कर रही, ट्रंप को हराने के लिए देश को एकजुट करना लक्ष्य : कमला
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि वह राष्ट्रपति पद के चुनाव में जो बाइडन द्वारा डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी के लिए उनके नाम की सिफारिश किए जाने से सम्मानित महसूस कर रही हैं. कमला ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति “डोनाल्ड ट्रंप और उनके ‘प्रोजेक्ट 2025 एजेंडे’ को हराने” के लिए देश को एकजुट करना उनका लक्ष्य है.

उपराष्ट्रपति की यह टिप्पणी राष्ट्रपति बाइडन (81) के रविवार को राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने की अचानक घोषणा करने और डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी के लिए भारतीय-अफ्रीकी मूल की कमला (59) के नाम की सिफारिश करने के बाद आई. बाइडन के जून में अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के साथ बहस में खराब प्रदर्शन के बाद से ही डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता उन पर राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने का दबाव बना रहे थे.

कमला ने कहा, “मैं राष्ट्रपति का समर्थन पाकर सम्मानित महसूस कर रही हूं. मेरा मकसद अब राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में जीत हासिल करना है.” कमला जनवरी 2021 से उपराष्ट्रपति के रूप में सेवाएं दे रही हैं. वह अमेरिका की पहली ऐसी महिला, पहली ऐसी अश्वेत और पहली ऐसी दक्षिण एशियाई मूल की नागरिक हैं जो इस पद पर आसीन हुई हैं. बाइडन की सिफारिश से डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के रूप में कमला की दावेदारी को काफी बल मिला है, लेकिन उनके लिए शिकागो में अगले महीने प्रस्तावित ‘डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन’ के दौरान पार्टी प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल करना जरूरी है.

ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की दौड़ से पीछे हटने के लिए बाइडन की आलोचना की
रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ से अचानक पीछे हटने के लिए निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन पर निशाना साधा और दावा किया कि ”बाइडन के चिकित्सक समेत उनके ईद-गिर्द मौजूद सभी लोग जानते थे कि वह राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने या राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं हैं.”

ट्रंप ने यह टिप्पणी तब की है, जब बाइडन (81) ने रविवार को यह घोषणा कर सभी को हैरत में डाल दिया कि वह राष्ट्रपति पद की दौड़ से पीछे हट रहे हैं और उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए भारतीय-अफ्रीकी मूल की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का अनुमोदन किया. ट्रंप ने बाइडन के कोविड-19 से संक्रमित होने को लेकर संदेह भी जताया.

उन्होंने अपने सोशल मीडिया मंच ”ट्रुथ सोशल” पर एक पोस्ट में कहा, ”तो अब हम कुटिल जो बाइडन से लड़ने के लिए समय और पैसा खर्च करने के लिए मजबूर हैं, बहस में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वह चुनाव मैदान से पीछे हट गए. अब हमें सब कुछ फिर से शुरू करना होगा.” पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, ”क्या रिपब्लिकन पार्टी को धोखाधड़ी के लिए मुआवजा नहीं देना चाहिए कि जो बाइडन के चिकित्सक समेत उनके ईद-गिर्द मौजूद हर व्यक्ति और फर्जी मीडिया यह जानती थी कि वह राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने या राष्ट्रपति बनने के समक्ष नहीं है? केवल पूछ रहा हूं.” ट्रंप ने कहा कि बाइडन के साथ उनकी बहस का प्रसारण ‘एबीसी न्यूज’ पर सितंबर में होना था. उन्होंने बाइडन को अमेरिका के इतिहास में ”सबसे खराब” राष्ट्रपति बताया.

ओबामा, पेलोसी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के तौर पर हैरिस के नाम का तत्काल समर्थन करने से बचे
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और प्रतिनिधि सभा की पूर्व ‘स्पीकर’ नैंसी पेलोसी ने राष्ट्रपति पद की दौड़ से पीछे हटने के राष्ट्रपति जो बाइडन के फैसले की रविवार को प्रशंसा की. हालांकि, दोनों नेताओं ने पांच नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार के रूप में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का तत्काल समर्थन करने से परहेज किया.

बाइडन ने रविवार को घोषणा की कि वह राष्ट्रपति पद का आगामी चुनाव नहीं लड़ेंगे. इसके साथ ही, उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के तौर पर उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का अनुमोदन किया. बाइडन ने भारतीय-अफ्रीकी मूल की कमला हैरिस (59) के नाम की सिफारिश ऐसे वक्त की, जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति एवं इस साल नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के साथ पहली बहस में खराब प्रदर्शन और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण उन (बाइडन) पर चुनावी दौड़ से पीछे हटने का दबाव बढ. रहा था.

भारतीय-अमेरिकी अश्विन रामास्वामी ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए कमला के नाम का समर्थन किया
भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक नेता अश्विन रामास्वामी ने पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का समर्थन किया. रामास्वामी ने कहा, ”यह (कमला का राष्ट्रपति चुना जाना) देश में भारतीय-अमेरिकियों और एएपीआई (एशियाई अमेरिकी और प्रशांत द्वीप समूह निवासी) के प्रतिनिधित्व की दिशा में एक बड़ी छलांग होगा.” रामास्वामी जॉर्जिया स्टेट सीनेट की डि्ट्रिरक्ट-48 के लिए होने वाले चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार हैं. रविवार को उनकी यह टिप्पणी तब आई, जब बाइडन ने चुनाव लड़ने में असमर्थता जताते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी की नयी उम्मीदवार के रूप में भारतीय-अफ्रीकी मूल की कमला हैरिस के नाम की सिफारिश की.

रामास्वामी ने कहा, ”उपराष्ट्रपति कमला हैरिस अमेरिका की पहली भारतीय-अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में इतिहास रचेंगी. यह इस देश में भारतीय-अमेरिकी और एएपीआई समुदाय के प्रतिनिधित्व की दिशा में एक बड़ी छलांग होगा और मेरे जैसे युवाओं के लिए प्रेरणा साबित होगा. कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन हैरिस की तरह मेरी मां भी चेन्नई के बेसेंट नगर से हैं, जो इसे मेरे लिए बेहद खास बनाता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu