सैनिटरी पैड पर राहुल गांधी की छेड़छाड़ की गई तस्वीर को लेकर कॉमेडियन के खिलाफ प्राथमिकी

हैदराबाद. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की छेड़छाड़ की गई तस्वीर सैनिटरी पैड पर बनाने और उसे प्रसारित करने के आरोप में हास्य कलाकार रतन रंजन और अन्य के खिलाफ यहां प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी. तेलंगाना युवा कांग्रेस के अध्यक्ष जे. शिव चरण रेड्डी ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में रंजन और अन्य पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये गांधी के खिलाफ झूठी और दुर्भावनापूर्ण जानकारी फैलाने और महिलाओं को निशाना बनाकर अश्लील सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया.

शिकायतकर्ता के अनुसार, रंजन ने गांधी की एक छेड़छाड़ की हुई तस्वीर सैनिटरी पैड पर दिखाते हुए पोस्ट की. उन्होंने साथ ही आरोप लगाया कि रंजन ने इलेक्ट्रॉनिक स्वरूप में अश्लील सामग्री प्रकाशित/प्रसारित करके न केवल बिहार बल्कि पूरे भारत में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है तथा महिलाओं के स्वास्थ्य के मुद्दे को कमतर किया है.

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने हाल ही में बिहार में गरीब महिलाओं को सैनेटरी पैड वितरित करने का एक अभियान शुरू किया था, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था, ताकि वे स्वस्थ जीवन जी सकें. शिकायतकर्ता ने कहा कि उक्त पोस्ट को कुछ अन्य लोगों ने ‘री-ट्वीट’ किया.

रेड्डी ने कहा कि गलत सूचना और गांधी की छेड़छाड़ की गई तस्वीर तथा अश्लील सामग्री का प्रदर्शन एवं प्रसार करने तथा महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. बेगम बाजार थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर रंजन और अन्य के खिलाफ छह जुलाई को भारतीय न्याय संहिता तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button