नेपाल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पांच लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Aug 2024 07:26 PM
नेपाल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पांच लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

काठमांडू. नेपाल में बुधवार को काठमांडू के उत्तर-पश्चिम में पर्वतीय क्षेत्र में एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार चीनी पर्यटकों और एक नेपाली पायलट की मौत हो गई. यह दुर्घटना काठमांडू और नुवाकोट जिलों के बीच सीमा क्षेत्र में हुई. नुवाकोट जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि निजी एयरलाइन एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी पांच लोगों की इस दुर्घटना में मौत हो गई.

उन्होंने बताया कि 9एन-एजेडी हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब दो बजे काठमांडू से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में नुवाकोट जिले के शिवपुरी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. नेपाल के नागर विमानन प्राधिकरण (सीएएएन) के अनुसार, हेलीकॉप्टर चार चीनी यात्रियों को लेकर काठमांडू से रसुवा के स्याफ्रूबेसी क्षेत्र की ओर जा रहा था.

सीएएएन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हेलीकॉप्टर अपराह्न 1:54 बजे काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था. उड़ान भरने के तीन मिनट बाद ही हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया. पायलट की पहचान अरुण मल्ला के रूप में हुई है. हेलीकॉप्टर में एक महिला समेत चार चीनी नागरिक सवार थे. इससे पहले, 24 जुलाई को त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सौर्य एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में विमान में सवार 18 लोगों की मौत हो गई थी तथा विमान का कैप्टन ही बचा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu