पाकिस्तान की प्रगति के लिए लोग चाहते हैं कि इमरान को पांच साल जेल में रखा जाए: मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Jun 2024 07:30 PM
पाकिस्तान की प्रगति के लिए लोग चाहते हैं कि इमरान को पांच साल जेल में रखा जाए: मंत्री
ऑडियो सुनें

लाहौर. पाकिस्तान के एक मंत्री ने दावा किया है कि देश के लोगों का मानना है कि आर्थिक स्थिरता के लिए इमरान खान को 2029 तक जेल में रखना जरूरी है. संघीय योजना एवं विकास मंत्री एहसान इकबाल ने चिंता व्यक्त की है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक इमरान खान (71) की रिहाई से देश में नये सिरे से विरोध प्रदर्शन और अशांति पैदा हो सकती है.

सत्तारूढ. पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के महासचिव इकबाल ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, “लोगों ने हमसे कहा है कि अगर पाकिस्तान आर्थिक स्थिरता चाहता है, तो इमरान को पांच साल तक जेल में रखना जरूरी है.” अलग-अलग मामलों में इमरान खान पिछले वर्ष अगस्त से ही जेल में बंद हैं. मंत्री ने कहा कि इमरान एक ‘गुस्सैल व्यक्ति’ हैं. उन्होंने कहा कि लोगों को लगता है कि देश की आर्थिक स्थिरता के लिए इमरान का जेल में रहना जरूरी है.

मंत्री ने कहा कि यह देश और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी, दोनों के लिए एक निर्णायक क्षण है. उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ सार्थक बातचीत तब तक नहीं हो सकती, जब तक कि वह सरकारी संस्थाओं के खिलाफ अभियान में शामिल है. इकबाल ने कहा, ”अगर इमरान खान सरकार के साथ बातचीत करना चाहते हैं, तो उन्हें गंभीरता दिखानी होगी.” उन्होंने कहा कि इस समय पाकिस्तान को सरकारी नीतियों की निरंतरता की जरूरत है.

खान के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहे फवाद चौधरी ने कहा कि इकबाल ने उनकी सरकार की राजनीतिक और आर्थिक रणनीति का खुलासा कर दिया है, जिसके कारण खान को जेल में रहना पड़ रहा है. चौधरी के बयान पर इकबाल ने अपनी प्रतिक्रिया में, सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह सरकार की रणनीति नहीं, बल्कि जनता की आवाज है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu