ओडिशा के मलकानगिरी में लड़की से दुष्कर्म के आरोप में ट्रक चालक समेत चार लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Jul 2025 09:15 PM
ओडिशा के मलकानगिरी में लड़की से दुष्कर्म के आरोप में ट्रक चालक समेत चार लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मलकानगिरी. ओडिशा के मलकानगिरी जिले में एक लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में एक ट्रक चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद पाटिल एच ने पत्रकारों को बताया कि शुरुआत में यह संदेह था कि नाबालिग के साथ ट्रक चालक ने अकेले ही दुष्कर्म किया था, लेकिन बाद की जांच में पता चला कि तीन अन्य लोगों ने भी लड़की का यौन उत्पीड़न किया था.

पुलिस ने बताया कि लड़की रविवार रात को अपनी एक सहेली के घर गई थी लेकिन वह घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार ने मलकानगिरी आदर्श पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. हालांकि, स्थानीय लोगों ने सोमवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग 326 पर बीजा घाट के पास एक ट्रक चालक को लड़की के साथ देखा और संदेह होने पर पुलिस को इसकी सूचना दी.

एसपी ने बताया कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लड़की को बचाया तथा ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि लड़की को एक आश्रय गृह में भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि लड़की की मां ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मलकानगिरी थाने में पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी और पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई.

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) (अपहरण), 64(दुष्कर्म), 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ दुष्कर्म की धारा 65(1) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 4 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं.
एसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान ट्रक चालक मध्य प्रदेश निवासी शुभम सिंह (26), मलकानगिरी निवासी मनोज हरिजन (30), रोहित कुमार हियाल (24) और बीरा भरतिया (26) के रूप में हुई है.

पुलिस ने बताया कि ट्रक सीमेंट लेकर कोरापुट जिले के जयपुर जा रहा था. पुलिस ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है. एसपी ने बताया, ”घटना के सिलसिले में दो मामले दर्ज किए गए हैं. ट्रक चालक लड़की को मलकानगिरी से लगभग 10-15 किलोमीटर दूर एक जंगल के इलाके में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीन अन्य आरोपियों ने भी टाउन पुलिस सीमा के भीतर लड़की के साथ दुष्कर्म किया.” इस बीच, विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के नेताओं ने थाने का दौरा कर मामले की उचित जांच तथा दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu