पेरिस ओलंपिक में भारत के मिशन प्रमुख होंगे गगन नारंग, सिंधू महिला ध्वजवाहक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Jul 2024 10:42 PM
पेरिस ओलंपिक में भारत के मिशन प्रमुख होंगे गगन नारंग, सिंधू महिला ध्वजवाहक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने सोमवार को पेरिस ओलंपिक के लिए भारत के मिशन प्रमुख के रूप में मुक्केबाज मेरीकोम की जगह ली. पेरिस खेलों के उद्घाटन समारोह में दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू भारत की महिला ध्वजवाहक होंगी. भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने बताया कि मेरीकोम के इस्तीफे के बाद उप मिशन प्रमुख नारंग को मिशन प्रमुख बनाया जाना स्वत: पसंद थी.

उषा ने विज्ञप्ति में कहा, ”मैं अपने दल की अगुआई के लिए ओलंपिक पदक विजेता को ढूंढ रही थी और मेरे युवा साथी मेरीकोम के उपयुक्त विकल्प हैं.” पीटीआई ने इससे पहले खबर दी थी कि नारंग भारतीय दल का मिशन प्रमुख बनने की दौड़ में शामिल हैं.
उषा ने कहा, ”मुझे यह घोषणा करते हुए भी खुशी हो रही है कि दो ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला खिलाड़ी पीवी सिंधू उद्घाटन समारोह में टेबल टेनिस खिलाड़ी ए शरत कमल के साथ महिला ध्वजवाहक होंगी.”

उन्होंने कहा, ”मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ परिणाम देने के लिए अच्छी तरह तैयार हैं.” छह बार की विश्व चैम्पियन मेरीकोम ने अप्रैल में पद से यह कहकर इस्तीफा दे दिया था कि निजी कारणों से उनके पास इसके अलावा कोई चारा नहीं है .

मिशन प्रमुख महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद है . मिशन प्रमुख खिलाड़ियों की जरूरतों का ध्यान रखने के साथ आयोजन समिति के साथ संपर्क सूत्र का भी काम करता है. सिंधू उद्घाटन समारोह में टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल के साथ भारत की ध्वजवाहक होंगी. आईओसी ने 2020 में प्रोटोकॉल में बदलाव करके एक देश से एक महिला और एक पुरूष खिलाड़ी को संयुक्त रूप से ध्वजवाहक बनने की अनुमति दी थी. तोक्यो ओलंपिक में मेरीकोम और भारतीय हॉकी कप्तान मनप्रीत सिंह ध्वजवाहक थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu