इंदौर की चाट-चौपाटियों पर छोटे कपड़ों में घूमती नजर आई युवती, विवाद के बाद माफी मांगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Sep 2024 07:22 PM
इंदौर की चाट-चौपाटियों पर छोटे कपड़ों में घूमती नजर आई युवती, विवाद के बाद माफी मांगी
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर की दो मशहूर चाट-चौपाटियों पर एक युवती के छोटे कपड़ों में घूमने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. विवाद बढ़ने पर युवती ने बुधवार को माफी मांगते हुए कहा कि उसे सार्वजनिक स्थल पर इस तरह के वस्त्र नहीं पहनने चाहिए थे, जबकि पुलिस का कहना है कि वह कानून के जानकारों से राय-मशविरे के बाद इस मामले में उचित कार्रवाई करेगी. चाट-चौपाटियों पर छोटे कपड़ों में घूमने के वीडियो खुद सोशल मीडिया पर डालने वाली युवती ने यह भी कहा कि वह आत्महत्या करना चाहती है. हिन्दी बोलने वाली युवती ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि वह संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में रहती है.

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल और अन्य संगठनों के नेताओं ने युवती के विवादास्पद वीडियो पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है, जबकि सोशल मीडिया का एक तबका इन वीडियो को युवती के प्रचार हासिल करके “फॉलोवर्स” बढ़ाने के हथकंडे के तौर पर भी देख रहा है. युवती ने ”पब्लिक रिएक्शन” के शीर्षक से सोशल मीडिया पर जो वीडियो डाले, उनमें वह शहर की मेघदूत चाट-चौपाटी और 56 दुकान चाट-चौपाटी पर छोटे कपड़ों में घूमती नजर आ रही है.

प्रदेश के काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने युवती के इस कृत्य की आलोचना की और कहा कि इंदौर सरीखे ”सांस्कृतिक शहर” में इस तरह की “अभद्रता” नहीं होनी चाहिए. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”यह बात सही है कि भारत के संविधान में लोगों को रहने और खाने-पीने की छूट है. पर ऐसी छूट के बेजा इस्तेमाल से समाज प्रभावित होता हो, तो मैं समझता हूं कि यह बुनियादी अधिकारों का दुरुपयोग है.” विजयवर्गीय ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर “अभद्रता” के मामलों में प्रशासन को ”जागरूकता” से काम करना चाहिए और समाज में भी संबंधित लोगों का “बहिष्कार” होना चाहिए.

बजरंग दल की स्थानीय इकाई के संयोजक प्रवीण दरेकर ने बताया कि उनके संगठन की ओर से शहर के तुकोगंज और विजय नगर के पुलिस थानों में युवती के खिलाफ लिखित शिकायत की गई है. विवाद बढ़ने पर युवती ने इंस्टाग्राम पर कहा, ”मुझे अहसास हुआ है कि मुझे सार्वजनिक स्थल पर इतने कम कपड़े नहीं पहनने चाहिए थे. मैं ऐसा दोबारा कभी नहीं करूंगी. मुझे माफ कर दीजिए.” युवती ने यह भी कहा, ”कृपया मुझे अकेला छोड़ दीजिए. मैं आत्महत्या करना चाहती हूं.” इस बीच, शहर के अलग-अलग संगठनों की महिलाओं का समूह पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा और युवती के कथित अश्लील कृत्य को लेकर विरोध जताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की.

विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हंसराज सिंह ने कहा, ”युवती के विवादास्पद वीडियो और इन पर कई लोगों की आपत्ति हमारे संज्ञान में आई है. हम कानून के जानकारों से राय-मशविरे के बाद उचित कार्रवाई करेंगे.” उन्होंने बताया कि पुलिस ने युवती की माफी वाला ताजा वीडियो भी देखा है. डीसीपी ने कहा, “हमें देखना होगा कि (सार्वजनिक स्थल पर छोटे कपड़ों में घूमने के पीछे) युवती का मकसद क्या था और वह किस मानसिक स्थिति से गुजर रही है? हम यह भी देखेंगे कि उसके परिवार में कौन लोग हैं?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu