बेंगलुरु/पणजी. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में उस चार-वर्षीय बच्चे का अंतिम संस्कार उसके पिता ने बुधवार को कर दिया, जिसकी हत्या कथित तौर पर उसकी मां ने ही कर दी थी. आरोपी मां सूचना सेठ बेंगलुरु की एआई-आधारित एक स्टार्टअप कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी है. वहीं दूसरी ओर गोवा पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि यह सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है.
मृतक के पिता वेंकट रमन अपने बच्चे का शव चित्रदुर्ग से लेकर एक स्थानीय अपार्टमेंट पहुंचे, जहां उसके अंतिम संस्कार का शुरुआती क्रिया-कर्म किया गया. इसके बाद शव को राजाजी नगर स्थित हरिश्चंद्र घाट ले जाया लाया गया और वहां रमन ने उसका अंतिम संस्कार किया. बच्चे का पोस्टमार्टम मंगलवार को चित्रदुर्ग में हुआ था. सेठ को सोमवार रात को गोवा से बेंगलुरु जाने के दौरान पकड़ लिया गया था, जबकि बच्चे का शव एक सूटकेस में मिला था. उसे गोवा पुलिस के निर्देश पर गिरफ्तार किया गया था.
ऐसा बताया जाता है कि सेठ अपने पति के साथ जारी तलाक की कार्यवाही से कथित तौर पर परेशान थी. इस बीच गोवा पुलिस को उस कमरे से खांसी की दवाई की दो खाली बोतल मिली है जहां 39 वर्षीय सूचना सेठ ने अपने बेटे की कथित तौर पर हत्या की थी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दवा की बोतलों के मिलने से ऐसे संकेत मिलते हैं कि आरोपी ने अपराध से पहले बच्चे को दवा की भारी खुराक दी होगी और यह सुनियोजित हत्या का मामला है.
अधिकारियों के अनुसार पोस्टमॉर्टम से सामने आया है कि दम घुटने से बच्चे की मौत हुई ओर यह काम तकिए या किसी कपड़े से किया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी सेठ ने अपने बेटे की गोवा में कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर उसके शव को बैग में भरकर टैक्सी से पड़ोसी राज्य कर्नाटक चली गई.
पुलिस ने बताया कि सेठ को सोमवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को उन्हें गोवा लाया गया.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि जिस र्सिवस अपार्टमेंट के कमरे में महिला रुकी थी उसकी जांच के दौरान उन्हें खांसी की दवाई की दो खाली बोतल (एक बड़ी और दूसरी छोटी) मिली.
उन्होंने कहा, ”शव के पोस्टमार्टम से यह आशंका जताई गई है कि बच्चे की गला घोंटकर हत्या की गई है और शव पर संघर्ष के कोई निशान नहीं है.” अधिकारी ने कहा, ”हम इस पहलू की जांच कर रहे हैं कि क्या महिला ने बच्चे की हत्या करने से पहले उसे खांसी की दवाई की भारी खुराक दी थी.” उन्होंने कहा कि र्सिवस अपार्टमेंट के कर्मचारियों से पूछताछ में सामने आया है कि महिला ने उनसे खांसी होने का दावा कर दवाई की एक छोटी बोतल खरीदने के लिए कहा था. वहीं, ऐसा हो सकता है कि उसके पास दवाई की बड़ी बोतल पहले से ही हो.
अधिकारी ने कहा, ”यह सुनियोजित हत्या का मामला लगता है.” पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध में शामिल होने से इनकार किया है और दावा किया कि जब वह सोकर उठी तो बच्चा मर चुका था. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”हमें उसकी बातों में विश्वास नहीं है. जांच से बच्चे की हत्या के कारण का पता चलेगा. फिलहाल हमें पता है कि उसके और उसके पति के बीच अनबन चल रही थी जिसकी वजह से उसने ऐसा किया होगा.” पुलिस ने बताया कि महिला छह जनवरी को र्सिवस अपार्टमेंट में आई थी और दो दिन तक वहां रहने के बाद सोमवार को टैक्सी से बेंगलुरु चली गई.
सीईओ की गिरफ्तारी के बाद गोवा के मापुसा शहर की एक अदालत ने मंगलवार को उसे छह दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया. बच्चे के पिता वेंकट रमन इन दिनों इंडोनेशिया के जर्काता में रह रहे हैं और मंगलवार रात वह चित्रदुर्ग के हिरियुर पहुंचे. पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया. हिरियूर तालुक अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. कुमार नाइक ने संवाददाताओं को बताया, ”बच्चे की हत्या गला दबाकर की गई. ऐसा लग रहा है कि तकिया या किसी अन्य चीज का इस्तेमाल किया गया था. ऐसा नहीं लगता कि हाथों से गला घोंटा गया…..”