ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग, नौ यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के पास बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। आग की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Thu, 24 Sep 2026 10:57 AM
ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग, नौ यात्रियों की मौत

ऑडियो सुनें

Yamuna Expressway Bus Fire: गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जेवर एयरपोर्ट के पास नोएडा से महोबा की ओर जा रही एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है। बस नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे पहुंची थी, तभी आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण कई लोग अंदर फंस गए।

नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत

आग ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस को आग की लपटों से घिरा देखकर यमुना एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार बस में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना की जांच की जा रही है। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है।

यात्री ने चालक-परिचालक पर लगाए आरोप

घटना के संबंध में यात्री सुनील कुमार ने एफआईआर दर्ज कराई है। उनके मुताबिक वह दिल्ली के कश्मीरी गेट से राज कल्पना ट्रेवल्स की बस से राठ जा रहे थे। यात्री ने बताया कि बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे।

यात्री के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 33 के पास बस के केबिन से जलने की गंध आने लगी। कुछ यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि बस को तुरंत रोककर जांच नहीं की गई।

यात्री ने यह भी आरोप लगाया कि चालक और परिचालक केबिन में बीड़ी या सिगरेट पी रहे थे। इसके कुछ देर बाद ड्राइवर सीट के पास से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से बात कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राजनाथ सिंह ने भी व्यक्त की संवेदना

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

By www.navabharat.news