‘हमास आतंकवादी समूह नहीं; वे मुजाहिदीन, अपनी जमीन बचा रहे’; एर्दोगन ने रद्द की इस्राइल की यात्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Oct 2023 09:12 PM
‘हमास आतंकवादी समूह नहीं; वे मुजाहिदीन, अपनी जमीन बचा रहे’; एर्दोगन ने रद्द की इस्राइल की यात्रा
ऑडियो सुनें

अंकारा. तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने कहा कि हमास एक आतंकवादी संगठन नहीं है, यह मुजाहिदीनों का एक समूह है. वे अपनी जमीन की रक्षा कर रहे हैं. हमास देशभक्त संगठन है, जो अपने क्षेत्रों और लोगों की रक्षा करता है.

इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष शुरू हुए अब दो हफ्ते से ज्यादा समय हो चुका है. हमलों में मौतों का आंकड़ा सात हजार के पार चला गया है. इस बीच, तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने आतंकी संगठन हमास की वकालत की है. राष्ट्रपति ने संसद में अपनी पार्टी के गुट के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए इस्राइल पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि इस्राइली जवान गाजा में निर्दोषों को मार रहे हैं. हमास आतंकी समूह नही है. वे अपनी भूमि की रक्षा करने वाले ‘मुजाहिदीन’ हैं. बता दें कि इसी के साथ एर्दोगन ने इस्राइल की अपनी यात्रा भी रद्द कर दी है.

गौरतलब है कि यह संघर्ष रुकने की बजाय और तेज होता जा रहा है. इस्राइल गाजा पर जमीनी हमला भी करने के लिए तैयार है. इस दौरान, एर्दोगन ने कहा कि इस्राइल पश्चिम के साथ-साथ हमास को भी एक आतंकवादी संगठन के रूप में देख सकता है. पश्चिम आपका बहुत आभारी है, लेकिन तुर्किये आपका तनिक भी ऋणी नहीं है.

इस्राइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एर्दोगन ने कहा कि हमास एक आतंकवादी संगठन नहीं है, यह मुजाहिदीनों का एक समूह है. वे अपनी जमीन की रक्षा कर रहे हैं. हमास देशभक्त संगठन है, जो अपने क्षेत्रों और लोगों की रक्षा करता है. इस दौरान अपनी इस्राइल की यात्रा को लेकर भी उन्होंने बयान दिया. उन्होंने कहा कि वह इस्राइल के अमानवीय युद्ध के कारण अपनी यात्रा की योजना रद्द कर रहे हैं.

इस बीच,तुर्किए के विदेश मंत्री हाकन फिदान ने कतर में इस्राइल युद्ध को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस्राइल ने गाजा में हमला करके मानवता के खिलाफ अपराध किया है. उन्होंने कहा कि स्कूलों, अस्पतालों और मस्जिदों में भी बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों सहित हमारे फलस्तीनी भाइयों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है.

इतने लोग मारे गए
सात अक्टूबर को हमास आतंकवादियों ने अचानक से इस्राइल पर हमला कर दिया था. इससे जहां इस्राइल में हमास के हमले में 1400 लोगों की जान चली गई है, वहीं गाजा पट्टी पर इस्राइल की जवाबी कार्रवाई में मौतों का आंकड़ा अबतक 5800 के पार जा चुका है.

तीन चरणों में हमले की योजना
पिछले हफ्ते, इस्राइल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने गाजा में सुरक्षा शासन को बदलने के लिए यहूदी राष्ट्र की योजना बनाई है, जिसका अर्थ है हमास को हटाना और कहा कि योजना तीन चरणों में तैयार की गई थी. गैलेंट ने कहा कि इस्राइली रक्षा बल (आईएफडी) योजना के पहले चरण में था जब वह हवाई हमले कर रहा था. उन्होंने कहा कि इसके बाद जमीनी घुसपैठ होगी और अंत में गाजा में सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu