सुशासन और गरीब कल्याण के लिए काम करेगी हरियाणा सरकार: मुख्यमंत्री सैनी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Oct 2024 07:16 PM
सुशासन और गरीब कल्याण के लिए काम करेगी हरियाणा सरकार: मुख्यमंत्री सैनी

ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि समानता, सुशासन और गरीब कल्याण उनकी सरकार के एजेंडे में सबसे ऊपर रहेंगे. सैनी ने पंचकूला में आयोजित एक समारोह में शपथ ग्रहण की. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के अनेक नेताओं और राजग के अनेक नेताओं ने भाग लिया.

सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा, ”सबसे पहले तो, हरियाणा के निरंतर विकास के लिए दिए गए जनादेश के लिए मेरे 2.80 करोड़ परिवारजनों का हृदय से आभार.” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘प्रेरणादायी नेतृत्व’ के लिए  आभार व्यक्त किया. सैनी ने कहा, ”पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार आई भाजपा सरकार सुशासन, समानता और गरीब कल्याण के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करेगी.” हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सैनी को यहां दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. सैनी दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं. उनके साथ 13 मंत्रियों ने भी शपथ ली. केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, चिराग पासवान और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी समारोह में शिरकत की.

हाल में हरियाणा विधानसभा चुनाव में 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर भाजपा ने अभूतपूर्व तरीके से तीसरी बार सरकार बनाई है. अंबाला कैंट विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज, इसराना विधायक कृष्ण लाल पंवार, बादशाहपुर विधायक और अहीर नेता राव नरबीर सिंह, पानीपत ग्रामीण से विधायक तथा जाट नेता महिपाल ढांडा, फरीदाबाद के विधायक विपुल गोयल, गोहाना विधायक अरविंद शर्मा, रादौर विधायक श्याम सिंह राणा, बरवाला विधायक रणबीर गंगवा और नरवाना विधायक कुमार बेदी ने मंत्री पद की शपथ ली. हिसार से विधायक सावित्री जिंदल समेत तीन निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन दिया है

By Yogesh Kumar Sahu