
बुलंदशहर/रेवाड़ी. लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में कई परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह केवल विकास का बिगुल फूंकते हैं और यह जनता है जो उनके लिए चुनावी बिगुल फूंकती है. प्रधानमंत्री ने 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद बुलंदशहर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब सरकार अपनी योजनाओं के सभी लाभार्थियों तक पहुंचती है, तो भेदभाव और भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं रह जाती है. मोदी ने कहा, ”यह सच्ची धर्मनिरपेक्षता है, यह सच्चा सामाजिक न्याय है.”
उन्होंने कहा, ”मोदी, ईमानदारी से आपकी सेवा में जुटा है. इसी का नतीजा है कि हमारी सरकार के 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. जो बाकी बचे हैं, उन्हें भी उम्मीद जगी है कि वे भी जल्द ही गरीबी को परास्त कर देंगे.” कल्याणकारी योजनाओं को देश के लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘मोदी की गारंटी वाली गाड़ी’ के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा, ”मोदी की गारंटी है कि जल्द से जल्द देश के हर नागरिक को उसके लिए बनी सरकारी योजना का लाभ मिले. आज देश, मोदी की गारंटी को गारंटी पूरा होने की गारंटी मानता है.”
उन्होंने कहा, ”हमारी सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है. आज हमारा पूरा प्रयास है कि सरकार की योजना का लाभ हर लाभार्थी तक पहुंचे. इसलिए मोदी योजनाओं की गारंटी दे रहा है, शत-प्रतिशत की गारंटी दे रहा है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बिना किसी भेदभाव के सभी जरूरतमंद लोगों तक शीघ्रता से पहुंचना चाहते हैं. उन्होंने कांग्रेस पर परोक्ष रूप से हमला बोलते हुए कहा, ”आजादी के बाद लंबे समय तक कोई गरीबी हटाओ का नारा देता रहा. कोई सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोलता रहा. लेकिन देश के गरीबों ने देखा कि सिर्फ कुछ परिवारों के घर अमीरी आई, कुछ ही परिवारों की राजनीति फली-फूली.”
मोदी ने यह भी कहा कि आज उन्होंने मीडिया की कुछ खबरों में यह दावा करते देखा कि वह इस कार्यक्रम से चुनावी बिगुल फूंकेंगे. उन्होंने कहा, ”मोदी तो विकास का बिगुल फूंकता रहता है. मोदी तो समाज के आखिरी व्यक्ति के कल्याण के लिए बिगुल फूंकता रहता है. मोदी को न पहले जरूरत थी, न आज जरूरत है, न आगे जरूरत है, चुनाव के बिगुल फूंकने की.” उन्होंने कहा, ”मोदी के लिए तो ये जनता-जनार्दन बिगुल फूंकती रहती है. जब जनता-जनार्दन बिगुल फूंकती है, तो मोदी को अपना समय उस बिगुल को फूंकने में नहीं लगाना पड़ता.”
अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पूरा होने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्र प्रतिष्ठा को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा, ”हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है. हमारा लक्ष्य साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है.” मोदी ने बुलंदशहर में कहा, ”इस क्षेत्र ने हमें कल्याण सिंह दिया, जिन्होंने अपना जीवन राम काज और राष्ट्र काज के लिए सर्मिपत कर दिया.” प्रधानमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे लोगों का अयोध्या धाम का सपना पूरा किया है. उन्होंने कहा, ”एक मजबूत राष्ट्र और सच्चे सामाजिक न्याय के उनके सपने को साकार करने के लिए हमें और गति हासिल करनी होगी.”
मोदी ने कहा कि आजादी के बाद के दशकों तक भारत में विकास को सिर्फ कुछ ही क्षेत्रों तक सीमित रखा गया. देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा, विकास से वंचित रहा. उन्होंने कहा कि इसमें भी उत्तर प्रदेश, जहां देश की सबसे अधिक आबादी बसती थी, उस पर उतना ध्यान नहीं दिया गया. मोदी ने कहा, ”ऐसे लोग सत्ता पाने के लिए समाज को बांटने के रास्ते को आसान रास्ता मानते हैं.” उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ सरकार है जिसने उत्तर प्रदेश में विकास को गति दी.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के तेज गति से विकास के बिना विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है. प्रधानमंत्री ने पूछा, ”जब देश का सबसे बड़ा राज्य अगर कमजोर हो, तो देश कैसे ताकतवर हो सकता था?” उन्होंने कहा, ”सरकार के प्रयासों से आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश रोजगार देने वाले प्रमुख केंद्रों में से एक बन रहा है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार, देश में चार नए औद्योगिक स्मार्ट शहर बनाने की तैयारी में है. इसमें से एक औद्योगिक स्मार्ट शहर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बना है.
मोदी ने यह भी कहा कि किसानों का हित उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह उनके परिवारों के चारों ओर एक सुरक्षा कवच बना रही है. कार्यक्रम में, मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर’ पर न्यू खुर्जा एवं न्यू रेवाड़ी स्टेशनों से मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने मथुरा-पलवल खंड और चिपियाना बुजुर्ग-दादरी खंड को जोड़ने वाली चौथी लाइन का भी अनावरण किया.
प्रधानमंत्री ने कई सड़क विकास परियोजनाओं को शुरू किया और इंडियन ऑयल की टूंडला-गवारिया पाइपलाइन का भी उद्घाटन किया. उन्होंने ‘ग्रेटर नोएडा में एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप (आईआईटीजीएन) भी राष्ट्र को सर्मिपत किया. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी को भगवान राम की एक मूर्ति भेंट की.



