राजस्थान में कांग्रेस की सरकार दुबारा बनी, तो 2024 में केंद्र में भी कांग्रेस आएगी: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 16 Oct 2023 08:00 PM
राजस्थान में कांग्रेस की सरकार दुबारा बनी, तो 2024 में केंद्र में भी कांग्रेस आएगी: खरगे
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि अगर इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार फिर बनी तो पार्टी 2024 में केंद्र में भी सत्ता में आएगी. राजस्थान में एक चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिये गये भाषण का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा,”प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां एक लाल डायरी मिली है. उन्होंने सवाल किया है कि उस लाल डायरी में क्या लिखा है,किन-किन घोटालों का जिक्र है? तो मैं बताऊं कि उस लाल डायरी में लिखा है कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी राजस्थान में फिर सरकार बनाएगी. उस डायरी में लिखा है कि राज्य में कांग्रेस फिर सत्ता में आएगी.”

खरगे ने राज्य के 13 जिलों के पीने का पानी और सिंचाई की पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) जनजागरण अभियान की शुरुआत के लिए बारां में पार्टी की आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने कहा कि यहां (राजस्थान में) फिर से कांग्रेस आई, तो 2024 में दिल्ली (केंद्र) में भी पार्टी की सरकार आएगी. राज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव है. खरगे ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राजस्थान की जनता ने राजग को 25 सांसद दिए लेकिन वे राज्य के लिए न पैसा ला सके, न पानी.

राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा करते हुए खरगे ने कहा कि इतनी कल्याणकारी योजनाएं शायद ही किसी और राज्य में शुरू की गई होंगी. उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने गरीबों के लिए अनेक कदम उठाए हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के जो भी काम हैं वे गरीबों के हित में हैं, चाहे वह मनरेगा हो या कोई और योजना. उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने 21 लाख किसानों का 16000 करोड़ रुपए का कर्ज माफी कर दिया.

उनका कहना था कि यहां राजस्थान में शहरी रोजगार गारंटी योजना शुरू हो गई है तथा बिजली के बिल में राहत दी गयी है एवं उज्जवला सिलेंडर 500 रुपए में दिया जा रहा है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी पी जोशी, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu