भारत ने पुलवामा हमले में शामिल पाकिस्तानी नागरिक को किया आतंकवादी घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 11 Apr 2022 09:11 PM
भारत ने पुलवामा हमले में शामिल पाकिस्तानी नागरिक को किया आतंकवादी घोषित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सरकार ने 2019 में जम्मू कश्मीर के पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की बस पर हुए आतंकी हमले में शामिल पाकिस्तानी नागरिक मोहिउद्दीन औरंगजेब आलमगीर को सोमवार को आतंकवादी घोषित किया. पुलवामा में 14 फरवरी 2019 के हमले में सीआरपीएफ के 40 कर्मी शहीद हो गए थे. करीब एक पखवाड़े बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के भीतर स्थित आतंकी शिविरों पर हवाई हमला किया था.

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा है कि मकतब अमीर, मुजाहिद भाई और मुहम्मद भाई के नाम से जाना जाने वाला आलमगीर पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमले में शामिल था. वह जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) की ओर से भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है और पाकिस्तानी नागरिकों से संगठन के लिए चंदा जुटाने की गतिविधियों में संलिप्त है तथा धन को कश्मीर तक पहुंचाता है.

आलमगीर अफगान लड़ाकों की घुसपैठ को सुगम बनाने और जम्मू कश्मीर में भारतीय सुरक्षा बलों पर आतंकी हमलों के समन्वय में शामिल रहा है. मंत्रालय ने कहा कि आलमगीर की सभी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए उसे गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून के तहत एक आतंकवादी के रूप में अधिसूचित किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu