अभिषेक के दो गोल से भारत ने जापान को 4-2 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Sep 2023 10:45 PM
अभिषेक के दो गोल से भारत ने जापान को 4-2 से हराया
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. युवा स्ट्राइकर अभिषेक के दो गोल की मदद से भारत ने गुरुवार को यहां गत चैंपियन को जापान को 4-2 से हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की तथा एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए. अभिषेक (13वें, 48वें मिनट) ने दो मैदानी गोल किए. भारत की तरफ से अन्य गोल मंदीप सिंह (24वें) और अमित रोहिदास (34वें) ने किए.

जापान ने चौथे और अंतिम क्वार्टर के अंतिम पांच मिनट में वापसी की तथा जेनकी मितानी (57वें) और रयोसी काटो (60वें) के गोल की मदद से हार का अंतर कम किया. भारत पूल ए के अपने अगले मैच में शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा.
विश्व रैंकिंग में तीसरे नंबर की टीम भारत ने जापान के खिलाफ शुरू से ही दबदबा बनाए रखा तथा मैच में अधिकतर समय गेंद को अपने नियंत्रण में रखा. जापान की टीम टुकड़ों में ही अच्छा प्रदर्शन कर पाई.

पहले दो मैचों में आसान जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की तथा पांचवें मिनट में ही अपना पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह का फ्लिक बाहर चला गया. भारत ने 12वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर गंवाया, लेकिन भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने शोता यामदा के प्रयास को विफल कर दिया. भारत ने इसके कुछ देर बाद दूसरा पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन वह उसका भी फायदा नहीं उठा पाया.

लेकिन इसके एक मिनट बाद अभिषेक ने हार्दिक सिंह के पास पर गोल करके भारत को बढ़त दिला दी. भारत को इसके बाद एक अन्य पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन जापान के खिलाड़ियों ने उसका अच्छी तरह से बचाव किया. पहला क्वार्टर समाप्त होने से कुछ देर पहले ललित उपाध्याय के पास गोल करने का मौका था लेकिन जापानी गोलकीपर ताक्षी योशिकावा ने उनके प्रयास को नाकाम कर दिया.
भारत ने 24वें मिनट में अपनी बढ़त दोगुनी कर दी जब मंदीप ने नीलकांत के पास पर गोल किया.

भारत को मध्यांतर के बाद चौथा पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन संजय के फ्लिक को जापान के गोलकीपर ने बचा दिया. भारत को इसके बाद लगातार दो पेनल्टी कार्नर मिले जिनमें से रोहिदास ने दूसरे को गोल में बदला. चौथे और अंतिम क्वार्टर के तीसरे मिनट में ही भारत ने अपनी बढ़त 4-0 कर दी जब अभिषेक ने मंदीप के सहयोग से अपना दूसरा गोल दागा. जापान की टीम ने हालांकि हार नहीं मानी तथा अंतिम पांच मिनट में दो गोल करके हार का अंतर कम किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu